अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से कोलकाता के लिए उड़ान भरते ही एक बुजुर्ग महिला यात्री को हार्ट अटैक आ गया। एयरलाइंस कंपनी के कर्मचारियों ने महिला को तुरंत एयरपोर्ट रोड स्थित आईवीवाई अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया।
लुधियाना के जगरांव निवासी कृष्णा देवी (60) बहू और बेटे के साथ कोलकाता जाने के लिए शुक्रवार को सुबह श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचीं थीं। जैसे ही विमान उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर निकला। इसी दौरान बुजुर्ग महिला कृष्णा देवी को दिल का दौरा पड़ गया। बेटे ने इसकी जानकारी एयर होस्टेस को दी। इसके बाद एयर होस्टेस ने जहाज के मुख्य पाइलट को सूचित किया।
पायलट ने सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी। इसके बाद पायलट जहाज को वापस रनवे पर ले आया। एयरलाइंस के कर्मचारियों ने महिला को जहाज से निकाला और निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां बुजुर्ग महिला को मृत बता दिया। इसके बाद बुजुर्ग महिला के बहू-बेटा शव लेकर जगरांव के लिए रवाना हो गए। महिला की मौत होने के कारण फ्लाइट ने करीब एक घंटा देरी से उड़ान भरी।