सड़क हादसे में पति की मौत, पत्नी घायल
फिरोजपुर। थाना आरिफके के अंतर्गत गांव बंडाला के पास हुई दो बाइकों की भिड़ंत में पति की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। पत्नी को स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कुलवंत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका भाई सुखदेव सिंह अपनी पत्नी रणजीत कौर के साथ बाइक से दवा लेने जा रहा था। जब वह गांव बंडाला के पास पहुंचे तो सामने तेज रफ्तार से बाइक चलाकर लाते हुए निरवैर सिंह वासी सदूशाह वाला ने सुखदेव की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुखदेव की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रणजीत कौर घायल हो गई। एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि कुलवंत के बयान के आधार आरोपी निरवैर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।