बैसाखी पर दरिया में नहाते युवक की डूबने से मौत
अचानक पैर फिसला और गहरे पानी में चला गया, गोताखोंरों ने बाहर निकाला
अमर उजाला ब्यूरो
डेरा बाबा नानक (बटाला)। बैसाखी के अवसर पर रविवार को डेरा बाबा नानक के धर्मकोट पतन के पास रावी दरिया में दोस्तों के साथ नहाने गया युवक पानी में डूब गया। वहीं, आधे घंटे की मशक्कत के बाद आस-पास के लोगों और गोताखोरों ने उसे पानी से निकाला और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पर उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पारिवारिक सदस्य बिना पुलिस कार्रवाई के शव घर को ले गए।
मृतक निशान लाल (32) निवासी गांव शाहपुर जाजन के चाचा के लड़के काला ने बताया कि दोपहर के समय उसका चचेरा भाई अपने करीब 7-8 दोस्तों के साथ रावी दरिया पर नहाने के लिए गया था। नहाते समय अचानक पानी का बहाव तेज होने के कारण निशान लाल का पैर स्लिप हो गया और वह गहरे पानी की ओर चला गया। गहरे पानी में जाते ही वह डूबने लगा। इस पर उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। पास में नहा रहे कुछ युवकों ने उसे पानी से बाहर निकाला। उसे डेरा बाबा नानक के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतक के पारिवारिक सदस्य शव के वहां से अपने घर को ले गए और कहा कि वह कोई पुलिस कार्रवाई नहीं करवाना चाहते। निशान लाल शादीशुदा था, जिसके दो बच्चे हैं। थाना प्रभारी मुखतार सिंह ने बताया कि घरवालों ने पुलिस को बहुत ही लेट सूचित किया है।