डेरा सच्चा सौदा से कोई संबंध न रखें राजनीतिक दल : ज्ञानी हरप्रीत
श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ने दी चेतावनी, हुकमनामे का पालन करें पार्टियां
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने सभी राजनीतिक पार्टियों को चेतावनी दी है कि डेरा सच्चा सौदा मुखी गुरमीत सिंह के विरुद्ध जारी हुकमनामे का पालन करते हुए उसके साथ कोई भी राजनैतिक और सामाजिक संबंध न रखें।
लोकसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक पार्टियों द्वारा डेरा प्रेमियों के साथ संपर्क स्थापित करने की कोशिशों की अटकलों के बाद जत्थेदार ने यह चेतावनी दी है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में डेरा से कोई भी मदद प्राप्त न करने की घोषणा कर रखी है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बदल ने भी यह घोषणा कर दी है कि श्री अकाल तख्त के आदेशों पर पहरा दिया जाएगा। हालांकि खडूर साहिब से शिअद उम्मीदवार बीबी जागीर कौर कह चुकी हैं कि डेरा के समर्थन का निर्णय सुखबीर बदल करेंगे।
रविवार को मीडिया से बातचीत में जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि श्री अकाल तख्त सिख कौम की भावनाओं का प्रतीक है। डेरा पर कोई भी फैसला सिख कौम के भावनाओं के अनुसार ही लिया जाएगा। श्री अकाल तख्त द्वारा डेरा मुखी के विरुद्ध हुकमनामा जारी किया हुआ है। इसलिए डेरा के साथ कोई भी सांझ व सहायता प्राप्त करने का सवाल ही नहीं उठता।