बैंक मैनेजर के घर से गहने और कैश चोरी
एसबीआई लुधियाना ब्रांच में मैनेजर हैं पठानकोट के हरीश
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
भारत नगर में चोरों ने बैंक मैनेजर के घर से 15 लाख के गहने और 50 हजार की नकदी चुरा ली। भारत नगर निवासी हरीश कुमार लुधियाना के एसबीआई बैंक में मैनेजर हैं।
उनके भाई मुकेश कुमार ने बताया कि उनकी ज्वाइंट फैमिली है। घर के दो गेट हैं। एक तरफ उसके भाई मैनेजर हरीश कुमार का घर है जबकि दूसरी तरफ उसने अपना घर बनाया हुआ है। भाई हरीश कुमार की पोस्टिंग इन दिनों लुधियाना में हो चुकी है। इस कारण परिवार सदस्यों सहित वहीं रहते हैं और महीने में एक-दो बार ही पठानकोट आते हैं। इस दौरान उनके घर के दरवाजे बंद रहते है।
मुकेश ने बताया कि बुधवार दोपहर जब वह पानी भरने के लिए मोटर स्टार्ट करने अपने भाई हरीश के प्लॉट में आए तो देखा कि उसके घर का दरवाजा टूटा पड़ा था। जब भीतर जाकर देखा तो सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। सूचना पर उनके भाई भी लुधियाना से पठानकोट पहुंचे। इसकी सूचना थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई हरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से सारे मामले की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही चोरी की वारदात को सुलझा लिया जाएगा।