पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करने पहुंचे आरपीएएफ और जीआरपी के अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
देश के कई राज्यों में अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में चल रहे हिंसक प्रदर्शन की आग पंजाब तक पहुंच चुकी है। जालंधर व अन्य जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। रेल डिवीजन फिरोजपुर ने विभिन्न शहरों से आने व डिवीजन से जाने वाली लगभग सात ट्रेनें शनिवार को रद्द की हैं। इसके अलावा शनिवार-रविवार मध्यरात्रि की 11 ट्रेनें भी रद्द की गई हैं। कुल मिलाकर फिरोजपुर डिवीजन की 18 ट्रेनें रद्द की गई हैं। जानकारों का कहना है कि इंडियन रेलवे की लगभग 340 ट्रेनें प्रभावित हैं, तकरीबन बारह ट्रेनें प्रदर्शनकारियों ने फूंक दी है। इससे रेलवे को करीब 35 करोड़ रुपये के नुकसान होने की बात कही जा रही है।
डिवीजन के एक अधिकारी ने बताया कि जालंधर व अन्य जगहों पर अग्निपथ भर्ती योजना को लेकर प्रदर्शनकारियों ने रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है। कई ट्रेनों पर पथराव किए जाने की सूचना है। कई जगहों पर ट्रेनें रोकने की कोशिश की हैं। इसलिए डिवीजन ने अमृतसर-दरबंगा (15212), फिरोजपुर-धनबाद एक्सप्रेस (13308), जम्मूतवी-कोलकाता वेस्ट बंगाल (13152), जम्मूतवी-गोरखपुर एक्सप्रेस (12588) व हावड़ा-जम्मूतवी (12331) ट्रेन को रद्द किया है। ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है।
एक अधिकारी का कहना है कि देश में कई राज्यों में बुधवार से अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में चल रहे हिंसक प्रदर्शन से इंडियन रेलवे को बहुत नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि इंडियन रेलवे की लगभग 340 ट्रेनें प्रभावित हैं। प्रदर्शनकारियों की ओर से बारह ट्रेनें फूंकने की बात कही जा रही है। अब यह आग पंजाब में पहुंच चुकी है। डिवीजन के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं, पंजाब पुलिस की भी मदद ली जा रही है।
पठानकोट: जम्मू तवी रेल सेक्शन पर भी असर
बिहार, बंगाल व झारखंड में केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना पर हो रही घटनाओं का असर जम्मूतवी रेल सेक्शन पर भी शुरू हो गया है। शनिवार को जम्म्मूतवी से पठानकोट के रास्ते गुवाहाटी व कोलकाता जाने वाली दो ट्रेनों को कैंसल कर दिया गया। बड़ौदा हाउस नई दिल्ली द्वारा शनिवार की दोपहर बाद मंडल को कोलकाता से जम्मूतवी जाने वाली हिमगिरी तथा जम्मूतवी से कोलकाता जाने वाली सियालदाह एक्सप्रेस को कैंसल करने का आदेश जारी किया गया। शुक्रवार को दो ट्रेनें कैंसल होने के कारण कई लोग यात्रा नहीं कर पाए, जिन्हें विभाग ने बिना किसी कटौती के उनके पूरे पैसे रिफंड कर दिए।
रेलवे स्टेशनों पर कोई अप्रिय घटना रोकने के लिए पठानकोट कैंट स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। शनिवार को जीआरपी व आरपीएफ ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाकर ट्रेनों की जांच की। यात्रियों को बिना किसी भय के अपना सफर करने के लिए कहा।