पंजाब में शहीद भगत सिंह नगर जिला प्रशासन ने खटकड़ कलां स्थित शहीद भगत सिंह के पैतृक घर के बिजली कनेक्शन के संबंध में मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया और स्पष्ट किया कि कोई बिल लंबित नहीं है।
पंजाब के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार राज्य के बिजली मंत्री ने स्पष्ट किया है कि खटकड़ कलां स्थित शहीद भगत सिंह के पुश्तैनी घर का बिजली कनेक्शन कभी नहीं काटा गया है।
जिला प्रशासन ने शनिवार को मीडिया के एक वर्ग में चल रही उन खबरों का खंडन किया है जिनमें कहा गया कि खटकड़ कलां में महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पुश्तैनी घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया था। प्रशासन ने यह भी कहा कि कोई बिल लंबित नहीं था।
उपायुक्त नवजोत पाल सिंह रंधावा ने कहा कि "वास्तव में, पावरकॉम के पास 6,760 रुपये का अग्रिम बिल भुगतान है।" खटकड़ कलां शहीद भगत सिंह नगर जिले में प्रतिष्ठित स्वतंत्रता सेनानी का पैतृक गांव है, जिसका नाम उनके नाम पर रखा गया था। डीसी ने मीडिया के एक वर्ग से पुश्तैनी घर के नाम का इस्तेमाल न करने की अपील की, क्योंकि ऐतिहासिक जगह से लाखों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं।
इससे पहले, बिजली मंत्री हरभजन सिंह ने भी स्पष्ट किया कि खटकड़ कलां में शहीद भगत सिंह के पैतृक घर या संग्रहालय का बिजली कनेक्शन कभी नहीं काटा गया। बयान में कहा गया है कि भगत सिंह के पुश्तैनी घर का सांस्कृतिक मामलों के विभाग के नाम पर अलग से बिजली कनेक्शन है।