बठिंडा के थाना नथाना में तैनात पंजाब होम गार्ड के जवान बलजिंदर सिंह के घर में रखे एक ट्रंक से दो दिन पहले उसी थाने की पुलिस ने एके 47 और उसकी गाड़ी से कारबाईन बरामद की थी। इसके बाद भी एसएचओ विक्रमजीत सिंह ने कोई कारवाई नहीं की बल्कि अपने स्तर पर ही मामले को दबा दिया। उक्त सरकारी हथियार मिलने के बारे में थाने के रोजनामचा रजिस्टर में कोई रपट भी दर्ज नहीं की गई।
वहीं एसएसपी जे इलेनचेलियन का कहना है कि इस मामले की जांच डीएसपी भुच्चो को दे दी गई है, लेकिन डीएसपी भुच्चो रछपाल सिंह का कहना है कि मामला उनके ध्यान में ही नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक पिछले दिनों पंजाब पुलिस की भर्ती के पेपर चल रहे थे। तब थाना नथाना पुलिस के कर्मियों की डयूटी भी सेंटरों पर लगी हुई थी। इसी दौरान थाना नथाना में तैनात पंजाब होमगार्ड जवान बलजिंदर सिंह थाने से एके-47 और एक कारबाइन ले गया। दोनों सरकारी हथियार लोड थे।
बुधवार को जब थाना नथाना की पुलिस ने सरकारी हथियारों के बारे में थाने में जांच की तो मामला सामने आया। इसके बाद पूरे थाने की पुलिस फोर्स में खलबली मच गई। एसएचओ विक्रमजीत सिंह ने जांच शुरू की तो दोनों हथियार पंजाब होमगार्ड जवान बलजिंदर सिंह के पास होने का संदेह हुआ। इसके बाद थाना नथाना की पुलिस टीम ने जवान को साथ लेकर उसके घर में तलाशी ली। इस दौरान उसके घर में रखे एक ट्रंक से एके-47 बरामद की गई। पुलिस ने बलजिंदर की फोर्ड फीगो गाड़ी से सरकारी कारबाईन बरामद की।