कपूरथला में 50 साल के व्यक्ति की हत्या हुई है। हमलावरों ने उसपर तेजधार हथियार से हमला किया है। व्यक्ति का शव सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पंजाब के कपूरथला में व्यक्ति की हत्या हुई है। कपूरथला के गांव बिशनपुर जट्टा में बुधवार देर रात व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि सड़क किनारे व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही एसएसपी वत्सला गुप्ता, फॉरेंसिक टीम और संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन
पुलिस टीम ने जांच शुरू करते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। मृतक की पहचान ओंकार सिंह उर्फ काकी (50) निवासी बिशनपुर जट्टा के रूप में हुई है। थाना कोतवाली पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान आधार पर केस किया है।
विज्ञापन
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक ओंकार सिंह उर्फ काकी के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हुई है। मौके पर मृतक की बाइक भी मिली है। घटना स्थल पर पहुंची एसएसपी कपूरथला वत्सला गुप्ता ने टीम को आसपास के सीसीटीवी की जांच करते हुए मामले की गंभीरता से जांच के आदेश दिए हैं।
डीएसपी सबडिवीजन हरप्रीत सिंह ने बताया कि मृतक पर कुछ वर्ष पहले एक पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज हुआ था। इसको देखते हुए के कई तरह के एंगल के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।