फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वर्ल्ड अपडेट: गाजा में कुपोषण, छह बच्चों की मौत; कॉमेडियन रिचर्ड लुईस का निधन; सुप्रीम कोर्ट में ट्रंप की अपील

Thu, 29 Feb 2024 05:06 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

सार

वर्ल्ड अपडेट्स में आज की प्रमुख घटनाओं में गाजा में कुपोषण के कारण छह बच्चों की मौत सबसे प्रमुख घटना है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की तरफ से IMF को पत्र भेजना भी सुर्खियों में है। अप्रैल महीने में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील पर सुनवाई होगी। इसके अलावा कॉमेडियन रिचर्ड लुईस का 76 साल की आयु में निधन होना भी सुर्खियों में है। पढ़िए आज की बड़ी खबरें
विज्ञापन
1 of 9
दुनिया की बड़ी सुर्खियां - फोटो : AMAR UJALA
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान जेल में बंद हैं। हाल ही में संपन्न पाकिस्तान के आम चुनाव भी सुर्खियों में रहे। इमरान खान समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सबसे अधिक संख्या में जीते। हालांकि, ताजा घटनाक्रम में इमरान खान एक पत्र के कारण चर्चा में हैं।  एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ( पीटीआई ) पार्टी के संस्थापक इमरान खान के निर्देशों पर आईएमएफ प्रमुख क्रिस्टालीना जॉर्जिवा को लिखी गई इस चिट्ठी में उन्होंने कहा, 'जब किसी देश पर वैध प्रतिनिधित्व के बिना एक सरकार थोपी जाती है, तो उसके पास शासन करने और विशेष रूप से कराधान उपायों को लागू करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं होता। 8 फरवरी, 2024 को पाकिस्तान में हुए आम चुनावों में, लगभग 50 बिलियन पाकिस्तानी रुपये (पीकेआर) लगभग 180 मिलियन अमेरिकी डॉलर खर्च हुए। 'मतगणना में व्यापक हस्तक्षेप और धोखाधड़ी' हुई।

इमरान की पार्टी के मुताबिक मामला इतना गंभीर है कि आईएमएफ के सदस्य अमेरिका , ब्रिटेन और यूरोपीय संघ सहित कई देशों ने पारदर्शी जांच का आह्वान किया है। एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक पीटीआई ने कहा, 'हम आईएमएफ से जांच एजेंसी की भूमिका अपनाने का आह्वान नहीं कर रहे।' हालांकि, इमरान की पार्टी ने निष्पक्ष चुनाव नेटवर्क (एफएएफईएन) और पैटन-गठबंधन 38 का जिक्र कर कहा, पाकिस्तान में कम से कम दो स्वदेशी संगठन हैं। इन दोनों ने स्वतंत्र चुनाव आयोजित करने के लिए व्यापक तरीकों का प्रस्ताव दिया है। आम चुनाव 2024 का ऑडिट करने के बाद इनके प्रस्तावों को कुछ संशोधनों के साथ स्थानीय स्तर पर लागू किया जा सकता है। इससे सभी हितधारकों को संतुष्ट किया जा सकेगा।
विज्ञापन

डोनाल्ड ट्रंप की अपील पर अप्रैल में दलीलें सुनेगा अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट

2 of 9
डोनाल्ड ट्रंप (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में अपनी बेगुनाही साबित करने का एक और मौका चाहते हैं। 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के बाद अमेरिका की कैपिटल हिल में हुई हिंसा के मामले में अदालत ट्रंप की भूमिका पर कड़ी टिप्पणी कर चुकी है। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रत्याशित घटनाक्रम में डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक बार फिर कहा कि तत्कालीन राष्ट्रपति होने के कारण उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। ट्रंप की इस दलील पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 22 अप्रैल को अदालत उनकी मौखिक दलीलें सुनेगी।

इस ताजा घटना का मतलब ट्रंप के खिलाफ वॉशिंगटन डीसी में चल रहा ट्रायल अभी लंबा खिंचेगा। बता दें कि डीसी सर्किट की यूएस कोर्ट ऑफ अपील ट्रंप की दलीलों को खारिज कर चुकी है। सर्वसम्मति से पारित अपीलीय अदालत के फैसले के खिलाफ अपील पर सुप्रीम कोर्ट 22 अप्रैल को दलीलें सुनेगी।
विज्ञापन

रिचर्ड लुईस का 76 वर्ष की आयु में निधन

3 of 9
अमेरिकी कलाकार रिचर्ड लुईस (फाइल) - फोटो : social media (एक्स / ट्विटर @TheRichardLewis)
अमेरिकी हास्य कलाकार रिचर्ड लुईस का 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। डार्क कॉमेडी और न्यूरोसिस के लिए मशहूर रहे रिचर्ड स्टैंड अप कॉमिक के रूप में लोकप्रिय रहे। न्यूरोसिस, एंग्जाइटी और गिल्ट जैसे मनोभावों को हास्य के रूप में पेश करने वाले रिचर्ड का निधन लॉस एंजल्स में अपने आवास पर हुआ। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक उनके साथ काम करने वाले जेफ अब्राहम ने बताया कि रिचर्ड का निधन हार्ट अटैक के कारण हुआ। रिचर्ड ने 2021 में पार्किंसन ग्रस्त होने का पता लगने पर स्टैंड-अप कॉमेडी छोड़ने की घोषणा की थी। उनकी सेहत से जुड़ी चुनौतियों का अंदाजा इसी से होता है कि लगातार चार बार उन्हें पीठ, कंधे और कूल्हे की सर्जरी करानी पड़ी।

गाजा में गहराया मानवीय संकट; कुपोषण के कारण छह बच्चों की मौत

4 of 9
गाजा में अभूतपूर्व मानवीय संकट (फाइल) - फोटो : ANI
पश्चिम एशिया में बीते साढ़े चार महीने से अधिक समय से जारी हिंसक संघर्ष के कारण 30 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हमास और इस्राइल के युद्ध के कारण अभूतपूर्व मानवीय संकट उपजा है। महिलाओं और बच्चों पर भी बुरा असर पड़ा है। ताजा घटनाक्रम गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, उत्तरी गाजा में कमाल अदवान और अल-शिफा अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और कुपोषण के कारण छह बच्चों की मौत हुई है। कई अन्य की हालत गंभीर है। हमास के वरिष्ठ अधिकारी बासम नईम के हवाले से अल जज़ीरा की रिपोर्ट में बताया गया कि इस्राइल के साथ युद्धविराम समझौता फिलहाल मुश्किल दिख रहा है। दोनों पक्षों को लंबा रास्ता तय करना बाकी है।
विज्ञापन

श्रीलंका पहुंचे आईसीजी समर्थ और अभिनव

5 of 9
आईसीजी समर्थ और अभिनव श्रीलंका में - फोटो : ANI
माले में अभ्यास के पूरा होने के बाद भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) जहाज समर्थ और अभिनव श्रीलंका के गाले बंदरगाह पहुंच गए हैं। ये जहाज श्रीलंकाई तटरक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाएंगे। आईसीजी जहाज आपसी समन्वय और सौहार्द बढ़ाने के लिए एसएल कोस्ट गार्ड के साथ प्रशिक्षण और पेशेवर बातचीत के लिए श्रीलंका का दौरा कर रहे हैं। यह यात्रा समुद्री सहयोग बढ़ाने और श्रीलंका के साथ संबंधों को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। यात्रा के दौरान योग, समुद्र तट की सफाई और वॉकथॉन जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी
विज्ञापन

गाजा में अकाल जैसे हालात, पांच लाख लोग भुखमरी से एक कदम दूर : यूएन

6 of 9
इस्राइल और हमास के युद्ध के बीच संयुक्त राष्ट्र में प्रस्ताव - फोटो : social media
इस्राइल-हमास संघर्ष के चलते गाजा में एक बार फिर मानवीय संकट गहरा गया है। संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम ने चेतावनी दी है कि उत्तरी गाजा में इन दिनों अकाल के हालात हैं। गाजा के लोग भुखमरी से कुछ ही कदम दूर हैं, क्योंकि यहां खाने के लाले पड़ने लगे हैं। उधर, गाजा में कोई भी मदद पहुंचते ही लोग उसे लूटने में जुट जाते हैं, इस कारण 23 जनवरी से यहां कोई सहायता भी नहीं पहुंच रही है। गाजा पट्टी में गंभीर मानवीय आपातकाल सामने आने के बाद से वहां की मुख्य संयुक्त राष्ट्र सहायता एजेंसी इससे निपटने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। संयुक्त राष्ट्र ने अन्य देशों से भी सख्त जरूरत वाले हजारों फलस्तीनियों तक मदद पहुंचाने का आह्वान किया।  
विज्ञापन

पाकिस्तान में चुनावी धांधली के विरुद्ध 2 मार्च को प्रदर्शन

7 of 9
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (फाइल) - फोटो : ANI
इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने 8 फरवरी को हुए आम चुनावों में धांधली के खिलाफ 2 मार्च को विरोध प्रदर्शन का फैसला किया है। पार्टी ने कहा कि अन्य राजनीतिक दल भी उनके साथ जुड़ेंगे। पार्टी की तरफ से पीएम पद के उम्मीदवार और महासचिव उमर अयूब ने कहा, सिर्फ कलम के एक झटके से हमारी सीटें चोरी हो गईं। इमरान खान पार्टी के रुख को लेकर आश्वस्त हैं और पार्टी अब अदालतों तथा विधानसभाओं में विरोध प्रदर्शन करेगी। उमर ने घोषणा की कि पीटीआई ने नेशनल असेंबली स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पदों के लिए अमीर डोगर और जुनैद खान को नामित किया है।

शहबाज शरीफ को पीएम पद के लिए किया नामित

8 of 9
शहबाज शरीफ - फोटो : अमर उजाला
पीएमएल-एन के संसदीय दल ने बुधवार को शहबाज शरीफ को प्रधानमंत्री पद व गठबंधन सरकार के लिए औपचारिक रूप से नामित किया। पार्टी ने नेशनल असेंबली के स्पीकर पद के लिए वरिष्ठ नेता सरदार अयाज सादिक को नामित किया है।
विज्ञापन

पोप फ्रांसिस के स्वास्थ्य में सुधार सार्वजनिक प्रार्थना के लिए पहुंचे

9 of 9
पोप फ्रांसिस - फोटो : ANI
पोप फ्रांसिस अपने स्वास्थ्य में सुधार के बाद बुधवार को साप्ताहिक सार्वजनिक प्रार्थना के लिए पहुंचे और उन्होंने पश्चिम एशिया, यूक्रेन और अन्य जगहों पर शांति का आह्वान किया। पिछले सप्ताह फ्लू के लक्षणों के बाद पोप के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे। पोप को वेटिकन में प्रार्थना सभागार में व्हीलचेयर पर लाया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें