फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रंप के उकसाने पर ही कैपिटल हिल की ओर चल पड़े थे प्रदर्शनकारी, जानिए आगे क्या हुआ

Thu, 07 Jan 2021 06:10 PM IST
गौरव पाण्डेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन
विज्ञापन
1 of 17
अमेरिकी कांग्रेस - फोटो : पीटीआई
दुनिया के सबसे ताकतवर देशों में शुमार संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए बुधवार का दिन काफी हड़कंप भरा रहा। पिछले साल तीन नवंबर को हुए चुनाव में जो बाइडन को मिली जीत की पुष्टि के लिए संसद का सत्र चल रहा था। तभी, निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों की भीड़ ने राजधानी वाशिंगटन में उत्पात मचाना शुरू कर दिया। स्थिति से निपटने के लिए कई घंटों का लॉकडाउन लगाना पड़ा। इस घटनाक्रम में चार लोगों की मौत भी हो गई। अमेरिका की राजधानी के इतिहास के इस अफरा-तफरी भरे दिन के बारे में जानिए कैसे यह घटना शुरू हुई और कहां तक पहुंची...
विज्ञापन

दोपहर के 1.10 बजे: ट्रंप ने समर्थकों को भड़काया

2 of 17
डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई
जब कांग्रेस चयनित राष्ट्रपति जो बाइड की इलेक्टोरल कॉलेज जीत की पुष्टि करने की प्रक्रिया में थी, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने समर्थकों को अमेरिकी राजधानी की कैपिटल हिल में प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। हालांकि, यह वादा करने के बावजूद कि वह इन प्रदर्शनों में अपने समर्थकों के साथ शामिल होंगे, ट्रंप अपनी एसयूवी में सवार होकर व्हाइट हाउस चले गए और किस तरह ये प्रदर्शन हिंसात्मक हो गए इसका नजारा उन्होंने टीवी पर देखा। 

एलिप्स में अपनी रैली में ट्रंप ने कहा था, 'हम राजधानी तक चल कर जाएंगे। और हम अपने बहादुर सीनेटरों और कांग्रेस के सदस्यों का उत्साह बढ़ाएंगे। और शायद उनमें से कुछ के लिए हम तालियां नहीं बजा रहे होंगे, क्योंकि आप कमजोर होकर कभी अपना देश वापस नहीं पा पाएंगे, आपको ताकत दिखानी होगी और आपको मजबूत होना होगा।' जब वह अपना भाषण समाप्त कर रहे थे तो उन्होंने दावा किया कि वह प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल होंगे, जो राजधानी की ओर कूच कर रहे थे। उन्होंने कहा था, 'हम पेन्सिल्वेनिया अवेन्यू तक जाएंगे।'
विज्ञापन

दोपहर 1.15 बजे: प्रदर्शनकारियों की पुलिस से भिड़ंत 

3 of 17
प्रदर्शन करते ट्रंप समर्थक - फोटो : पीटीआई
एक बजने के कुछ देर के अंदर ही सैकड़ों ट्रंप समर्थक राजधानी के चारों ओर लगाए गए बैरियर्स को तोड़ते हुए अंदर घुसने लगे। यहां उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ हाथापाई भी हुई। कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस अधिकारियों को 'गद्दार' कह रहे थे। 

दोपहर 1.30 बजे: संदिग्ध पैकेज का अलर्ट

4 of 17
प्रदर्शनकारियों से निपटती पुलिस - फोटो : पीटीआई
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार यूएस कैपिटल पुलिस ने अपने कर्मचारियों को हाउस कैनन बिल्डिंग और जेम्स मैडिसन मेमोरियल बिल्डिंग को खाली कराने का आदेश दिया। कैपिटल पुलिस ने अपने स्टाफ को एक संदिग्ध पैकेज के बारे में अलर्ट भेजा। बाद में लॉ एन्फोर्समेंट ने बताया कि डीएनसी और आरएनसी के मुख्यालय में पाइप बम पाए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने इन सभी बमों को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। दो बजे के कुछ देर बाद राजधानी में लॉकडाउन लगा दिया गया। 
विज्ञापन

दोपहर 2.30 बजे: ट्रंप समर्थकों ने शुरू किया हंगामा

5 of 17
प्रदर्शन करते ट्रंप समर्थक - फोटो : पीटीआई
ढाई बजने से कुछ देर पहले ही कैपिटल पुलिस ने लॉ एन्फोर्समेंट से अतिरिक्त सहायता मांगी। प्रदर्शनकारी कैपिटल के बाहर दीवारों पर चढ़ गए और पुलिस से भिड़ने लगे। भीड़ ने पुलिस के साथ हाथापाई करने के साथ इमारत में घुसने की कोशिश की। कुछ ने इमारत में घुसने के लिए खिड़कियां भी तोड़ दीं। कैपिटल में प्रवेश करने के बाद प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के हॉल में घूमना शुरू कर दिया। इनमें से कई ने लाल 'मागा' हैट पहन रखी थीं और स्टेचुरी हॉल में तस्वीरें ले रहे थे।
विज्ञापन

दोपहर 2.35 बजे: पुलिस ने सदस्यों को बाहर निकाला

6 of 17
प्रदर्शन के दौरान छिपकर बैठे कांग्रेस सदस्य - फोटो : पीटीआई
इसके साथ ही पुलिस ने उप राष्ट्रपति माइक पेंस, रिपब्लिकन सेन, चार्ल्स ग्रासली आदि को सीनेट से बाहर निकालने का काम शुरू किया। पुलिस ने अन्य सदस्यों और इलेक्टोरल कॉलेज वोट की पुष्टि के लिए वहां मौजूद कर्मचारियों को भी बाहर निकालना शुरू किया। बाहर निकलते समय कर्मचारी इलेक्टोरल कॉलेज बैलटों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए उन्हें अपने साथ ले गए।
विज्ञापन

दोपहर 2.45 बजे: पेलोसी के कार्यालय में घुसे प्रदर्शनकारी

7 of 17
प्रदर्शनकारियों ने तोड़-फोड़ भी की - फोटो : पीटीआई
कैपिटल में प्रवेश करने के बाद कुछ ट्रंप समर्थ स्पीकर नैंसी पेलोसी के कार्यालय में घुसने में कामयाब हो गए। यहां एक प्रदर्शनकारी ने तस्वीरें खिंचवाईं और मेज पर एक एक संदेश छोड़ा जिसमें लिखा हुआ था, 'हम पीछे नहीं हटंगे।' कैपिटल में अफरा-तफरी का माहौल बनने के साथ ही प्रदर्शनकारी सीनेट चैंबर में भी प्रवेश कर गए।

दोपहर 2.48 बजे: वाशिंगटन के मेयर ने कर्फ्यू का एलान किया

8 of 17
प्रदर्शन करते ट्रंप समर्थक - फोटो : पीटीआई
राजधानी में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए वाशिंगटन के मेयर म्युरियल बाउजर ने शाम छह बजे से अगली सुबह छह बजे तक के लिए पूरे शहर में कर्फ्यू लगाने का एलान कर दिया।

दोपहर 3.13 बजे: ट्रंप ने समर्थकों से शांत रहने को कहा

9 of 17
प्रदर्शन करते ट्रंप समर्थक - फोटो : पीटीआई
अपने एक ट्वीट में डोनाल्ड ट्रंप ने अपने समर्थकों से बात की, जो ट्रंप के नाम पर ही प्रदर्शन कर रहे थे। ट्रंप ने अपने समर्थकों से शांत रहने की अपील की, जिन्हें कुछ घंटे पहले ही वह प्रदर्शन करने के लिए भड़का रहे थे। ट्रंप ने कहा कि शांत रहें और कानून का सम्मान करें। हालांकि, ट्रंप ने उनसे अपने घर जाने के लिए नहीं कहा। 

दोपहर 3.15 बजे: इवांका ने प्रदर्शनकारियों को बताया 'अमेरिकी देशभक्त'

10 of 17
इवांका ट्रंप (फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई
डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप ने अपने पिता का ट्वीट रिट्वीट करते हुए प्रदर्शनकारियों को 'अमेरिकी देशभक्त' करार दिया। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना यह ट्वीट डिलीट कर दिया।

दोपहर 3.21 बजे: हिंसा में एक महिला को गोली लगी

11 of 17
प्रदर्शन के दौरान एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई - फोटो : पीटीआई
राजधानी में प्रदर्शन के दौरान एक महिला को गोली लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन सीने में गोली लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। डीसी पुलिस चीफ रॉबर्ट कोंटी के अनुसार तीन और लोगों की मौत मेडिकल इमरजेंसी के चलते हो गई। 

दोपहर 3.25 बजे: सीनेट फ्लोर से प्रदर्शनकारी हटाए गए

12 of 17
प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए तैनात सुरक्षा अधिकारी - फोटो : पीटीआई
राजधानी में हंगामा शुरू करने के एक घंटे से अधिक समय बाद पुलिस उन्हें सीनेट फ्लोर से हटाने में कामयाब हो पाई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को इमारत की सीनेट विंग से खदेड़ दिया और रोटुंडा की ओर जाने पर मजबूर कर दिया। 

दोपहर 3.36 बजे: ट्रंप ने नेशनल गार्ड्स को बुलाया

13 of 17
कांग्रेस में कुछ ऐसे बन गए हालात - फोटो : पीटीआई
राजधानी में मचे इस हंगामे के कुछ घंटे बाद व्हाइट हाउस प्रेस सचिव केली मैकनैनी ने ट्वीट किया कि ट्रंप ने राजधानी के लिए अन्य फेडरल सुरक्षा सेवाओं के साथ नेशनल गार्ड्स को रवाना किया है। पिछले साल जॉर्ज फ्लायड के लिए इंसाफ की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए ट्रंप ने कम से कम 23 राज्यों और राजधानी में 17 हजार से अधिक नेशनल गार्ड्स के तैनात किया था। 

दोपहर 3.44 बजे: कई अधिकारियों के घायल होने की खबरें

14 of 17
सुरक्षा के लिए तैनात बल - फोटो : पीटीआई
ट्रंप समर्थकों द्वारा किए गए इस हिंसात्मक प्रदर्शन में कई पुलिस अधिकारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई। कम से कम एक पुलिस अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

शाम 4.15 बजे: बाइडन ने ट्रंप से हार स्वीकारने को कहा

15 of 17
जो बाइडन (फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई
डेलावेयर में बाइडन ने ट्रंप को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह टीवी पर आएं और अपनी हार स्वीकार करें। बाइडन ने कहा, 'इस समय हमारा लोकतंत्र एक अभूतपूर्व हमले की चपेट में है, यह कुछ ऐसा है जो आज के समय में होता ही नहीं। यह हमला आजादी के प्रतीक हमारी राजधानी पर हुआ है। यह असंतोष नहीं है, यह अव्यवस्था है। यह अराजकता है। यह देशद्रोह की सीमा पर है, और इसे अब समाप्त होना चाहिए। मैं भीड़ से पीछे हटने की अपील करता हूं और चाहता हूं कि लोकतंत्र का काम आगे बढ़े।'

शाम 4.17 बजे: ट्रंप ने की शांति बनाए रखने की अपील

16 of 17
डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : पीटीआई (फाइल)
इसके बाद ट्रंप ने ट्विटर पर अपने समर्थकों के नाम एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा, 'अब आपको घर जाना होगा। हमें शांति बनाए रखनी होगी। हमें कानून और व्यवस्था का सम्मान करना होगा।' हालांकि, सिविक इंटेग्रिटी पॉलिसी के बार-बार उल्लंघन के कारण इस ट्वीट को हटा दिया गया। ट्विटर ने कहा कि उसने ट्रंप ने अकाउंट को 12 घंटे के लिए लॉक कर गिया है और पहली बार अकाउंट को स्थायी तौर पर बंद कर देने की चेतावनी दी।
विज्ञापन

शाम 6.27 बजे: फिर शुरू हुई गणना

17 of 17
वाशिंगन में तैनात सुरक्षा बल - फोटो : पीटीआई
पुलिस ने जब राजधानी में स्थिति पर नियंत्रण पा लिया और शाम के छह बजे कर्फ्यू लागू हो गया, पेलोसी ने एक बयान जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस बाइडन के चयन की पुष्टि का काम दोबारा शुरू करने जा रही है। इसके बाद नए राष्ट्रपति के रूप में जो बाइडन के नाम पर मुहर लग गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें