सांस्कृतिक और पर्यटन नगरी के रूप में प्रसिद्ध काशी की आभा निहारने देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर के पर्यटक खिंचे चले आते हैं। चाहे वह भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ हो या फिर गंगा की लहरों पर चलने वाले क्रूज और नावें। गंगा की लहरों के बीच नाव पर सवार होकर सैलानी सभी 84 घाटों का नजारा लेते हैं और उनके पौराणिक महत्व को समझते हैं। नाव, मोटर बोट व बजड़ा हर समय गंगा घाट किनारे रहते हैं।
काशी में तो हर माह सैलानी सात समुंदर पार से खिंचे चले आते हैं। प्राचीन देवालयों व कला कौशल को संजोए काशी में कई ऐसे मनोरम स्थल हैं, जहां पर्यटक अपनी उपस्थिति दर्ज कराने से नहीं चूकते। अब प्राचीन मंदिरों का स्वरूप भी निखरा है। श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर जब स्वरूप में होगा तो निश्चित ही पर्यटकों की आवाजाही और रफ्तार पकड़ेगी। हालांकि कोरोना संक्रमण काल में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की आवाजाही डेढ़ साल से बंद है, लेकिन घरेलू पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है।