फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तस्वीरों में देखें: विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला का भव्य आगाज, यूनेस्को ने दिया है अमूर्त धरोधर का दर्जा

Fri, 09 Sep 2022 09:44 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
1 of 7
रामनगर की विश्व प्रसिद्ध रामलीला का हुआ श्रीगणेश - फोटो : अमर उजाला
रावण का यज्ञ संपन्न हुआ। ब्रह्मा जी ने उसे अमरत्व का वरदान दे दिया। अब मनुष्य और वानर के सिवा कोई भी उसे मार नहीं सकेगा। वरदान पाकर दंभ से चूर रावण ने देवलोक में खलबली मचा दी।कुबेर पर चढ़ाई कर उनका पुष्पक विमान छीन लिया। घबराए देवराज इंद्र देवताओं को लेकर बैकुंठ पलायन कर गए। संपूर्ण धरती राक्षस राज के अत्याचार से कांप उठी। शुक्रवार की शाम रावण जन्म के प्रसंग के साथ विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण काल के दो सालों के बाद रामनगर का सन्नाटा भी खत्म हो गया।

मानस की चौपाइयों से लीलास्थल गूंज उठा। हर-हर महादेव का गगनभेदी उद्घोष हुआ। यूनेस्को की अमूर्त विश्व सांस्कृतिक विरासत में शामिल यह रामलीला 31 दिन तक चलेगी। पहले दिन रावण के जन्म से लेकर 9 अक्तूबर तक पारंपरिक तौर पर लीला का मंचन किया जाएगा।  
विज्ञापन

2 of 7
रावण जन्म के प्रसंग के साथ रामलीला का शुभारंभ - फोटो : अमर उजाला
काशीराज के प्रतिनिधि अनंत नारायण सिंह के सानिध्य में शुक्रवार को सायं रामबाग के मुख्य द्वार पर लीला का मंचन हुआ। शुरुआत हुई रावण जन्म के साथ। जन्म लेने के बाद रावण यज्ञ करता है और प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी उसे इच्छित वर मांगने को कहते हैं। रावण ने कहा हे प्रभु हमें ऐसा वर दें कि मनुष्य और वानर के सिवा कोई और उसे मार ना सके। ब्रह्मा जी ने तथास्तु कहा। वहीं कुंभकरण ने भी छह मास सोने और एक दिन जागने का वर मांगा।
विज्ञापन

3 of 7
विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला का भव्य आगाज - फोटो : अमर उजाला
ब्रह्मा जी लंका से जाने से पहले लंकिनी से कहते हैं कि जब एक वानर के मुक्के से तुम घायल होकर जमीन पर गिर पड़ोगी तो समझ लेना कि राक्षस राज का अंत नजदीक आ गया है। उधर वरदान मिलने के बाद दंभ से चूर रावण ने अत्याचार शुरू कर दिया। इंद्र भी घबराकर देवताओं के साथ बैकुंठ पलायन कर गए। गाय का रूप धारण कर पृथ्वी ब्रह्मा जी के पास जाती हैं और रावण के अत्याचार की दुहाई देती हैं। इसके साथ ही श्री रामचरितमानस के बालकांड की चौपाइयों के गायन के बाद लीला को एक घंटे के लिए विराम दे दिया गया। दूसरे प्रसंग में क्षीरसागर की भव्य झांकी सजाई गई।

4 of 7
रामलीला कि शान समझी जाने वाली शाही सवारी - फोटो : अमर उजाला
विश्व प्रसिद्ध रामलीला कि शान समझी जाने वाली शाही सवारी शुक्रवार को शाम पौने पांच बजे परंपरागत तरीके से धूमधाम के साथ निकली। शाही बग्घी पर काशी राज के प्रतिनिधि अनंत नारायण सिंह सवार थे। शाम पौने पांच बजे रामनगर दुर्ग के मुख्य द्वार से निकली। शाही सवारी को देखने के लिए किला रोड पर हुजूम उमड़ पड़ा। 
विज्ञापन

5 of 7
शाही सवारी - फोटो : अमर उजाला
शाही सवारी जिधर से होकर निकली उधर का इलाका हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। अनंत नारायण सिंह हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। लीला स्थल के पास 36 वीं वाहिनी पीएसी रामनगर की टुकड़ी ने अनंत नारायण सिंह को सलामी दी। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
विज्ञापन

6 of 7
रावण जन्म के प्रसंग के साथ रामलीला का शुभारंभ - फोटो : अमर उजाला
रामनगर की श्रीरामलीला पहले दिन लगभग आधे घंटे देर से शुरू हुई। काशीराज के प्रतिनिधि अनंत नारायण सिंह की सवारी ठीक चार बजकर 42 मिनट पर किले से निकल कर रामबाग पहुंच गई। यहां चार बजकर 52 मिनट पर पीएसी ने उन्हें सलामी दी। इसके तुरंत बाद लीला शुरू हो जानी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
रामनगर की रामलीला का शुभारंभ - फोटो : अमर उजाला
पता चला कि रावण की भूमिका निभाने वाला पात्र लीला स्थल पहुंचा ही नहीं। मोबाइल फोन के जरिए जब संपर्क किया गया तो पता चला कि चौक में है। लगभग 20 मिनट बाद वह रामबाग पहुंचे। इसके बाद लगभग साढ़े पांच बजे लीला का श्रीगणेश हुआ। जबकि लीला आरंभ होने का समय पांच बजे निर्धारित है। लीलाप्रेमियों में रावण के जाम में फंसने की चर्चाएं रहीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें