उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू परिवार के साथ दो दिवसीय काशी यात्रा पर आज शाम वाराणसी आ रहे हैं। इस दौरान उपराष्ट्रपति गंगा आरती, काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन और पड़ाव स्थित पं दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल का भ्रमण करेंगे। वाराणसी की जनता उपराष्ट्रपति का भव्य स्वागत करने के लिए तैयार है।
उपराष्ट्रपति जिन सड़कों से गुजरेंगे वहां भव्य सजावट की गई है। डिवाइडरों को चमकाया गया है। उनकी शोभा बढ़ाने को रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों के गमले लगाए गए हैं। सड़क किनारे जगह-जगह होर्डिंग लगाई गई हैं। उपराष्ट्रपति दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती में शामिल होंगे।
यहां पर सात अर्चकों के साथ विशेष गंगा आरती की जाएगी। गंगा पूजन करने के बाद उपराष्ट्रपति महाआरती की अद्भुत और विहंगम छटा निहारेंगे। आरती स्थल को गेंदे, खुशबूदार फूलों और रंग बिरंगी बत्तियों से सजाया गया है। सोफे और कुर्सियां लगाई गईं हैं। सीढ़ी से घाट तक रेड कारपेट बिछाया गया है। घाट के एक किनारे पर पर्दा लगाया गया है।