वाराणसी में गंगा पार रेती पर बसा तंबुओं का शहर रविवार से गुलजार हो जाएगा। बनारसी आतिथ्य परंपरा के अनुसार शहनाई, शंखनाद और डमरू की निनाद के साथ ही फूल बरसाकर पर्यटकों का स्वागत होगा। पहले दिन 92 पर्यटक पर्यटक आएंगे। टेंट सिटी पर्यटकों के लिए बनकर तैयार है। तीन क्लस्टर में बसे 270 टेंट वाली इस सिटी में काशी की कला, संस्कृति के साथ ही अध्यात्म के रंग भी बिखरेंगे। नमो घाट से पर्यटक गंगा के घाटों का विहंगम नजारा देखते हुए जाएंगे। प्रवेश द्वार पर रेड कारपेट बिछाए गए हैं।
पहले दिन गुजरात, तमिलनाडु, बेंगलूरू, दिल्ली, हैदराबाद के पर्यटकों का स्वागत किया जाएगा। सोमवार को भी पर्यटक टेंट सिटी पहुंचेंगे। 20 जनवरी के बाद सभी क्लस्टर फुल हैं। 12 लोगों ने शादियों की बुकिंग के लिए जानकारी ली है। शुभ मुहूर्त के साथ रविवार से बुकिंग कराई जा सकती है।