वाराणसी की रीबू श्रीवास्तव को समाजवादी पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। गुरुवार को उन्हें महिला सभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। रीबू श्रीवास्तव ने महंगाई के खिलाफ बसपा सरकार में बड़ा आंदोलन चलाया था। सर्किट हाउस के सामने आंदोलन के दौरान पुलिस को उन्होंने दौड़ाकर लाठियां छीन ली थी। इस घटना के दूसरे ही दिन पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। इसके बाद से शहर में एक दिन रीबू का और एक दिन पुलिस का नाम से रीबू श्रीवास्तव जानी जाती हैं।
लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी के मद्देनजर सपा अपने संगठन को मजबूत कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने तीन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की। रीबू श्रीवास्तव को महिला सभा, डा. राजपाल कश्यप को पिछड़ा वर्ग और व्यास गौड़ को अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया।