सावन के पहले सोमवार पर काशी पुराधिपति की नगरी समेत पूर्वांचल के शिवालय हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गुंजायमान है। 'हर-हर, बम-बम' के बोल संग गूंजती कांवरियों की बोली के साथ आस्थावानों की टोली लगातार आगे बढ़ रही है। भोलेनाथ की कृपा पाने के लिए दौड़ते, झूमते, गाते, नाचते भक्त महादेव के जयकारे लगाते श्रद्धालु आस्था के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। वाराणसी के अलावा आजमगढ़, बलिया, भदोही, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर और सोनभद्र जिले के शिवालयों में सुबह से ही जलाभिषेक और दर्शन-पूजन का क्रम जारी है। सावन का आरंभ तो चार जुलाई से ही हो गया, लेकिन मास का पहला सोमवार श्रद्धा की फुहार लेकर आया।