साइकिल चुनाव निशान मिलने के बाद अब सपा का हर नेता अखिलेश यादव की जय-जयकार में लगा हुआ है। जिन्हें पूर्व में शिवपाल यादव ने टिकट दिया है अब उन्हें टिकट कटने की चिंता सता रही है।
टिकट बचाने की खातिर अब वह भी लोगों के बीच और सोशल मीडिया में मुलायम और अखिलेश जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। सोशल मीडिया पर चल रहे प्रचार प्रसार में शिवपाल यादव का चेहरा कहीं नहीं दिखता। टिकट लेने के लिए लोगों ने लखनऊ का चक्कर काटना शुरू कर दिया है।
शिवपाल यादव पूर्व में जिले की सभी आठ विधानसभा में प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। वहीं अखिलेश ने अब तक शिवपुर और अजगरा में ही प्रत्याशी घोषित किया है।
अजगरा से प्रत्याशी लालजी सोनकर का नाम शिवपाल और अखिलेश दोनों की सूची में था। अखिलेश ने शिवपुर से आनंद मोहन यादव उर्फ गुड्डु को उम्मीदवार बनाया है। शिवपाल ने यहां से अवधेश पाठक को प्रत्याशी बनाया था। अवधेश ने अपने फेसबुक पेज मुलायम और अखिलेश की दो तस्वीरें अपलोड की हैं।
लिखा है साइकिल चलती जाएगी, आगे बढ़ती जाएगी। पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री मनोज राय धूपचंडी, जिलाध्यक्ष डा. पीयूष यादव, महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल समेत तमाम नेता फेसबुक पर अखिलेश के साथ खड़े दिखते हैं।
वहीं सपाइयों का जश्न मनाने का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। गांव से लेकर शहर तक चट्टी और चौराहों पर मिठाइयां बांटी गई।
पिछड़ा वर्ग के महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा की अध्यक्षता में दोषीपुर मैदान में हुई बैठक में वक्ताओं ने अखिलेश को दोबारा सीएम बनाने का आह्वान किया।
वहीं रामनगर में किला रोड पर नगर अध्यक्ष रमाशंकर यादव और सभासद फिरोज की अगुवाई में लोगों को मिठाइयां बांटी गई। इस्तकबाल कुरैशी और उनके समर्थक नदेसर में ढोल नगाड़े की थाप पर झूमे और मिठाइयां बांटी।