वाराणसी में गंगा घाटों पर युवकों को पीटने वाले भेलूपुर थाने के अस्सी पुलिस चौकी पर तैनात उप निरीक्षक सनी निषाद को लाइन हाजिर कर दिया गया। यही नहीं, मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर को सौंपी गई है। डीसीपी काशी जोन अमित कुमार ने ट्वीट करके यह जानकारी दी।
दरअसल, गुरुवार की शाम मौसम सुहाना हुआ तो घाट किनारे रहने वाले कुछ युवक मास्क लगाते हुए गंगा की लहरों को निहारने पहुंच गए थे। युवकों का आरोप था कि दरोगा सनी निषाद ने उन्हें समझाने के बजाय प्लास्टिक की पाइप से मारना पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद दरोगा की युवकों को पीटते की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। एक माह में दो बार इस तरह की घटना ने पुलिस कमिश्नरेट की खूब किरकिरी कराई। इसी बीच किसी ने फोटो को पुलिस कमिश्नर और डीसीपी काशी जोन को भी टैग कर ट्वीट किया। इसके बाद डीसीपी काशी जोन अमित कुमार ने ट्वीट करते हुए कहा कि दारोगा को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया और मामले की जांच एसीपी भेलूपुर से कराई जा रही है। देखें अगली स्लाइड्स...।