भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री भाजपा के सदस्यता अभियान और पौधरोपण की शुरुआत करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए प्रमुख स्थानों, प्रमुख चौराहों पर होर्डिंग लगाई जाएगी। आठ चौराहों को सजाया जाएगा। नए सदस्यों को ऑनलाइन और मैनुअल दोनों तरह से सदस्यता ग्रहण कराई जाएगी। उधर, धरसौना बाजार में चोलापुर मंडल की बैठक हुई। जिला सदस्यता प्रभारी प्रवीण सिंह गौतम ने बताया कि एक मोबाइल फोन से चार लोगों को सदस्यता दिलाई जा सकती है। जिला मीडिया सह संयोजक श्रीनिकेतन मिश्र ने बताया कि टोल फ्री नंबर '8980808080' पर मिस कॉल करके सदस्यता ग्रहण की जा सकती है।
काशी की महिला बुनकर रुखसार और तहसीना पीएम नरेंद्र मोदी के लिए खास अंगवस्त्र तैयार कर रही हैं। ह्यूमन वेलफेयर एसोसिएशन के निदेशक डॉ. रजनीकांत ने बताया कि छह जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी काशी आ रहे हैं। इस दौरान उनको सम्मानित करने के लिए महिलाएं हस्तनिर्मित अंगवस्त्र तैयार कर रही हैं। लोहता बाजार के चंदापुर की रहने वाली बुनकर महिलाएं अंगवस्त्र पर वृक्ष की आकृति बना रही हैं। उसमें शाखाएं, पत्तियां और जड़ों को बहुत ही बारीकी से बनाया जा रहा है। इसको लेकर बुनकर महिलाएं खासा उत्साहित हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी दौरे के दौरान सुरक्षा में तीन हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी लगेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर दीन दयाल हस्तकला संकुल से लेकर हरहुआ तक एसपीजी ने निरीक्षण किया और सुरक्षा मानकों को परखा। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। पीएम की सुरक्षा का ग्रैंड रिहर्सल शुक्रवार को किया गया। पीएम की सुरक्षा के लिए इस बार मुख्य प्वाइंट पर छह आईपीएस लगेंगे। इसके अलावा छह एडीशनल एसपी, 16 डीएसपी को भी तैनात किया जाएगा। वहीं दो सौ इंस्पेक्टर, दरोगा के अलावा छह कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स व पांच कंपनी पीएसी भी रहेगी। आठ सौ से ज्यादा कांस्टेबल, जिले की क्यूआरटी, स्पेशल-120 के साथ ही सभी थानाध्यक्ष व सीओ भी ड्यूटी में लगेंगे। इसके अलावा सभी मार्गों पर सादे कपड़े में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर परिसर की सुरक्षा को चुस्त-दुरुस्त कर दिया गया है। पार्किंग स्थल में बनी पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा स्थल सहित पार्किंग परिसर को एसपीजी ने गुरुवार को अपने घेरे में ले लिया। एयरपोर्ट पर सुरक्षा को लेकर देर रात तक अधिकारी मीटिंग और ब्रीफिंग करते रहे। वहीं दूसरी ओर एयरपोर्ट के बाहर स्थित दुकानों सहित आसपास के गांव में किराए पर रहने वाले लोगों का आधार कार्ड भी जमा करवाया गया।