फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैमरे की नजर से देखिए बनारस में नागरिकता कानून का विरोध व कानून के राज की मुस्तैदी

Fri, 20 Dec 2019 12:04 AM IST
स्‍वाधीन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
1 of 7
बेनियाबाग इलाके में नारेबाजी करते लोग - फोटो : a
नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ विभिन्न संगठनों के देशव्यापी बंद के चलते नई सड़क से बेनिया, चेतगंज होते हुए लहुराबीर चौराहे तक बृहस्पतिवार की सुबह सड़कों और गलियों में पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहे।

एडीएम सिटी विनय कुमार सिंह और एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन क्षेत्राधिकारी और आठ थानेदार बेनियाबाग मैदान के इर्दगिर्द के क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। वहीं, बेनियाबाग मैदान की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस तैनात की गई थी। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले शहर के अन्य इलाकों में भी पुलिस ने सुबह से ही चेकिंग शुरू कर दी थी।

बृहस्पतिवार को बेनियाबाग मैदान में प्रशासन को बड़े पैमाने पर लोगों के एकत्र होने की आशंका थी। इसके मद्देनजर बुधवार को ही दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 149 के तहत जिले के 79 लोगों को नोटिस जारी कर पाबंद कर दिया गया था।

साथ ही, 13 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी और लंका व लोहता थाने में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। बृहस्पतिवार को नई सड़क से बेनिया के बीच जगह-जगह पुलिस द्वारा लोगों को समझाने और चेताने का दौर दिन भर चलता रहा और सड़क पर भीड़ जुटी रही। लोहता क्षेत्र में भी पुलिस एलर्ट मोड पर रही। वहीं, शहर के अन्य इलाकों का माहौल सामान्य रहा, लेकिन जगह-जगह लोग बेनिया क्षेत्र में भारी फोर्स की तैनाती की चर्चा करते दिखे।
 
विज्ञापन

2 of 7
प्रदर्शन करने वालों को समझाती पुलिस - फोटो : ं
बंद रही दुकानें, सड़क से भीड़ को हटाती रही पुलिस
नई सड़क, बेनिया, दालमंडी, हड़हा, शेख सलीम फाटक और कोदई चौकी क्षेत्र की दुकानें बृहस्पतिवार को बंद रहीं। दुकानदार दुकानें बंद कर नई सड़क से बेनिया मार्ग पर इकट्ठा थे। दोपहर में एडीजी जोन बृजभूषण ने दुकानदारों से अपील की कि अपनी दुकानों को खोल लें और उन्होंने क्षेत्र में भ्रमण कर सभी से शांतिपूर्ण तरीके से रहने से अपील की। इस बीच एसपी सिटी लाउड हेलर से बार-बार अपील करते रहे कि लोग सड़क खाली कर दें और अपने घर चले जाएं या दुकान में बैठें। डीएम कौशल राज शर्मा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने भारी पुलिस बल के साथ बेनिया से नई सड़क होते हुए गोदौलिया तक रूट मार्च किया, इसके बावजूद भी जगह-जगह लोग खड़े ही दिखे।

दुकानें जबरन बंद कराने वालों की सूचना पुलिस को दें
नई सड़क से बेनिया मार्ग स्थित कुछ दुकानों को सुबह के समय कुछ लोग भीड़ एकत्र कर जबरन बंद करा रहे थे। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो उनकी खोजबीन शुरू की गई। हालांकि तब तक वह लोग भीड़ के बीच न जाने कहां गायब हो गए थे। इसे लेकर जिला पुलिस की सोशल मीडिया सेल की ओर से अपील की गई है कि दुकानें जबरन बंद कराने वालों से संबंधित वीडियो या फोटो किसी के पास हो तो मोबाइल नंबर 7839857011 पर देने का कष्ट करें। फोटो या वीडियो देने वाले का नाम और पता गुप्ता रखा जाएगा। वहीं, जब इस संबंध में नई सड़क और बेनिया के दुकानदारों ने अनभिज्ञता जताई।

पुलिस का सहयोग करने वाले होंगे सम्मानित

बेनिया और नई सड़क सहित आसपास के क्षेत्र के कई लोगों ने बृहस्पतिवार को पुलिस का खासा सहयोग किया। सड़क से लोगों को हटाने के साथ ही अनावश्यक भीड़ न लगाने के लिए यह चुनिंदा लोग सुबह से शाम तक प्रयासरत रहे।

एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चौकी प्रभारियों से ऐसे लोगों को सूचीबद्ध करा कर उन्हें आगामी गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। उधर, एसपी ग्रामीण मार्तंड प्रकाश सिंह लोहता क्षेत्र में थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के साथ डटे रहे। एसपी ग्रामीण ने बताया कि लोहता क्षेत्र का माहौल सामान्य है।
 
विज्ञापन

3 of 7
पुलिस के खदेड़ने के बाद भागते प्रदर्शनकारी - फोटो : ं

कानून व्यवस्था संबंधी बात हो तत्काल बताएं उच्चाधिकारियों को

लखनऊ में हुए उपद्रव के बाद जिले की शांति और कानून व्यवस्था के लिए थानेदारों को कहा गया है कि अपने क्षेत्र के डिजिटल वालंटियर और संभ्रांत लोगों के लगातार संपर्क में रहें। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सभी धर्माचार्यों के संपर्क में हैं।

स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) को कहा गया है कि सूचना संकलन के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। एसएसपी ने चौकी प्रभारियों और थानेदारों को कहा है कि शांति और कानून व्यवस्था से संबंधित कोई बात हो तो उच्चाधिकारियों को तत्काल सूचना देें। 
 

4 of 7
पुलिस के खदेड़ने के बाद प्रदर्शनकारियों की छूटी चप्पलें - फोटो : ं

बिना अनुमति के जुलूस निकाल रहे पांच गिरफ्तार

हरहुआ। बड़ागांव थाना के बसनी बाजार में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जुलूस निकाल रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहम्मद आलम शेख सहित पांच लोगों को जेल भेजा गया। बसनी गांव के मोहम्मद आलम बिना अनुमति के जुलूस निकाल कर नारेबाजी कर रहे थे। जेल जाने वालों में मोहम्मद आलम, बसनी गांव के पूर्व प्रधान निहालुद्दीन, दर्जीपुर के शेखर व शिवशंकर लाल, रामजी सिंह और लल्लापुर के वंशराज पटेल शामिल हैं।
 
विज्ञापन

5 of 7
बेनियाबाग इलाके में की गई बैरिकेडिंग - फोटो : ं

जिले में लागू है धारा 144, बहकावे में नहीं आएंः जिलाधिकारी 

जिले में शांति व्यवस्था के लिए धारा 144 लागू है और किसी को जुलूस, धरना, प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने अपील की है कि किसी बहकावे में न आयें और न ही ऐसे किसी कार्यक्रम में सम्मिलित हों।

एक स्थान पर किसी को भी एक़त्र होने की अनुमति नहीं है। इसके उल्लंघन पर आईपीसी की धारा के अंतर्गत दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय, हास्टल, मदरसा आदि के छात्र-छात्राओं से विशेष अपील की है कि कोई गुमराह करता है तो उसके बहकावे में नहीं आयें, अपने पढ़ाई पर ध्यान दें।

जिलाधिकारी ने सभी मस्जिद के इमाम से अपील की है कि वे अपने धार्मिक परिसर का इस्तेमाल लोगों को राजनीतिक एवं अन्य क्रिया कलापों के लिए कतई उपयोग नहीं होने दें।
 
विज्ञापन

6 of 7
नई सड़क क्षेत्र में चक्रमण करता सुरक्षा दस्ता - फोटो : ं
पुलिस और प्रशासन की बेनियाबाग मैदान और लोहता सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी एकत्र न होने की अपील की गई थी। दोपहर के समय भाकपा माले, अन्य दलों और संगठनों से जुड़े लोग जुलूस के रूप में बेनिया से लहुराबीर की ओर जा रहे थे। बेनिया और चेतगंज के बीच पुलिस ने जुलूस को रोक लिया तो सभी नारेबाजी करते हुए सड़क पर धरने पर बैठ गए।

पुलिस ने 64 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा और वहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। वहीं, जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट गेट के सामने नोकझोंक के बीच समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए। चारों को बाद में जमानत दे दी गई। उधर, बड़ागांव क्षेत्र में नागरिकता कानून के विरोध में जुलूस निकाल रहे पांच लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे गए।
सोशल मीडिया की निगरानी करते हुए पुलिस मुस्तैदी के साथ ड्यूटी कर रही है। शांति और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। जिले के लोगों से अपील है कि शांतिपूर्ण तरीके से रहते हुए प्रशासन का सहयोग करें।  
प्रभाकर चौधरी, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते आला अधिकारी

खुराफातियों पर नजर रखने को उतारी अधिकारियों की टीम

मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को गोदौलिया, आमदपुर, बेनिया सहित शहर के अन्य इलाकों में पैदल मार्च कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया। खुराफातियों और अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने के लिए उन्होंने अलग-अलग इलाके में मजिस्ट्रेट की तैनाती का निर्देश दिया।

रात में मजिस्ट्रेट अपने इलाकों में हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। शुक्रवार की सुबह पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर मंडलायुक्त कार्ययोजना बनाएंगे। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि कुछ खुराफातियों को चिह्नित किया गया है। कानून व्यवस्था पहली प्राथमिकता है और उसे तोड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें