नमो घाट।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने मामले को हल्के में लिया, इंस्पेक्टर भी समय से नहीं पहुंचे
नमो घाट पर पर्यटकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने निजी सुरक्षा कर्मियों ने पर्यटक राजेश उर्फ चिंटू की जान ले ली। दोस्तों के मुताबिक, 19 साल का राजेश अचेत होकर गिर गया था फिर भी निजी सुरक्षाकर्मी उसे बेरहमी से पीट रहे थे। इससे राजेश का शरीर काला पड़ गया था। शरीर पर डंडे के कई निशान पड़ गए। मिन्नतें करते रहे। माफी मांगते रहे फिर भी सुरक्षाकर्मियों ने नहीं छोड़ा।
पिकेट की पुलिस को सूचना दी गई, तो उसने भी मामले को हल्के में लिया। पुलिस ने कहा कि पहले राजेश को कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराओ, फिर ऑटो से राजेश को अस्पताल ले गए। बाद में अन्य पुलिस कर्मी अस्पताल पहुंचे। आदमपुर इंस्पेक्टर भी सुबह के समय घटनास्थल पर पहुंच सके। उच्चाधिकारियों को हत्या की सूचना रविवार की सुबह ही दी गई। हालांकि पुलिस ने सूचना मिलते ही प्रभावी कार्रवाई की बात कही है।
कांग्रेस ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य अनिल श्रीवास्तव अन्नु ने नमो घाट पर हुई घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों, इसके लिए कड़ी कार्रवाई और प्रभावी कदम उठाए जाएं।