राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती सोमवार को वाराणसी में मनाई गई। रामनगर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री के पैतृक आवास पर दिन में पुष्पांजलि तो शाम में दीपांजलि अर्पित की गई। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और काशी विद्यापीठ समेत कई शिक्षण संस्थानों और शहर में जगह-जगह जयंती पर लोगों ने उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। पुलिस लाइन में सीपी मुथा अशोक जैन समेत कई थानों में भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पुलिसकर्मियों ने नमन किया। लाल बहादुर शास्त्री स्मृति भवन संग्रहालय, क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई, क्षेत्रीय अभिलेखागार की ओर से लाल बहादुर शास्त्री स्मृति भवन संग्रहालय में पुष्पांजलि, संगोष्ठी, अभिलेख एवं छायाचित्र प्रदर्शनी तथा दीपांजलि का आयोजन किया गया।