फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरखा पड़ल, निगम पकड़ाइल: हल्की बारिश में 35 इलाकों में जलभराव, 15 मिनट की दूरी 40 मिनट में पूरी

Tue, 07 Jul 2026 03:20 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में हल्की बारिश ने सफाई के दावों की पोल खोल दी। गलियों, अंडरपास और कॉलोनियों की सड़कों पर जलभराव हो गया। उधर, निगम का दावा है कि लंबे समय तक सड़कों पर पानी नहीं रुका। 
विज्ञापन
1 of 13
Varanasi rain - फोटो : अमर उजाला
मानसून की पहली हल्की बारिश ने सोमवार को नगर निगम के सफाई के दावों की पोल खोल दी। खराब जल निकासी व्यवस्था के चलते कई सड़कों पर पानी भर गया। गलियों, अंडरपास, कॉलोनियों और रिहायशी इलाकों में हर साल की तरह इस बार भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि, नगर निगम का दावा है कि लंबे समय तक सड़कों पर पानी नहीं रुका। कई जगहों पर जलभराव के कारण सड़कों के धंसने की समस्या भी सामने आई। खासकर सीएम ग्रिड योजना के तहत बनी सड़कों की स्थिति खराब है। सिगरा से सोनिया मार्ग और नगर निगम कार्यालय के आसपास इसकी बानगी देखी जा सकती है। ड्रेनेज सिस्टम के रखरखाव में कमी के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है।
विज्ञापन

2 of 13
Varanasi rain - फोटो : अमर उजाला
बनारस स्टेशन के लटके पंखे सहित प्लेटफॉर्म से टपकने लगा पानी
बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर यात्री सामान लेकर बैठे थे। इसी दौरान बारिश का पानी लटके पंखे के पास से और प्लेटफॉर्म की छत से टपकने लगा। पानी टपकता देख यात्री अपना सामान लेकर सुरक्षित स्थान पर चले गए। प्लेटफॉर्म पर तीन-चार जगहों से तेज गति से पानी टपक रहा था। इसी बीच वहां मौजूद एक यात्री ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। सूचना मिलते ही रेल अधिकारी व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए। उधर, स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास भी सड़क पर पानी भर गया, जिससे यात्रियों को स्टेशन परिसर तक पहुंचने में परेशानी हुई।
विज्ञापन

3 of 13
Varanasi rain - फोटो : अमर उजाला
जिला अस्पताल कैंपस, सीएमओ कार्यालय परिसर में जलभराव
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल परिसर में भी जगह-जगह पानी भर गया। इससे ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने आने वाले मरीजों, भर्ती मरीजों के तीमारदारों और अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल के अंदर भी छत टपकने से पानी भर गया। सबसे अधिक परेशानी एमसीएच विंग जाने वाले रास्ते पर हुई। यहां सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण गर्भवती महिलाओं को ओपीडी और जांच केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत हुई। सीएमओ कार्यालय परिसर में गेट से लेकर औषधि भंडार कक्ष की ओर जाने वाले रास्ते पर भी पानी भरा रहा। जिस कार्यालय में सीएमओ बैठते हैं, उसके ऊपरी हिस्से से भी पानी टपकने लगा।

4 of 13
Varanasi rain - फोटो : अमर उजाला
कचहरी के पास घुटने तक भरा पानी
कचहरी के पास घुटने तक पानी भर गया। सुबह अधिवक्ताओं को कचहरी परिसर में जाने के लिए घुटने तक पानी से होकर गुजरना पड़ा। लोहता के बजरंग नगर की गली और रहीमपुर में भी जलभराव रहा। बजरंग नगर के रजनीकांत शुक्ला और रहीमपुर के मुबारक अली ने बताया कि सीवर जाम होने के कारण बारिश में गलियों में पानी भर जाता है। कई बार नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
विज्ञापन

5 of 13
Varanasi rain - फोटो : अमर उजाला
नगर निगम कार्यालय के आसपास भी जलभराव
नगर निगम कार्यालय के आसपास बारिश का पानी भरा रहा। यहां खुदाई का काम चल रहा है। वहीं, रामनगर के रामपुर वार्ड के रस्तापुर मोहल्ले, निषादराज मोहल्ले और रामनगर किला मार्ग पर भी बारिश का पानी जमा रहा।
विज्ञापन

6 of 13
Varanasi rain - फोटो : अमर उजाला
सामनेघाट की कई कॉलोनियों में भरा पानी
सामनेघाट स्थित हरिओम नगर कॉलोनी में जगह-जगह जलभराव हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली नहीं होने के कारण हल्की बारिश के बाद भी पानी भर जाता है। वैष्णो नगर कॉलोनी और तारा नगर कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर भी जलभराव रहा। सुसुवाही-करौंदी मार्ग, सीर गोवर्धनपुर-डाफी मार्ग, संकट मोचन के पीछे साकेत नगर जाने वाले रास्ते पर भी पानी भर गया। सुसुवाही कर्मनवीरपुर तिराहे से अंग्रेजी शराब की दुकान, यूनियन बैंक, प्रधान कटरा, गणेशपुरी कॉलोनी के मोड़, हैदराबाद गेट, करौंदी मार्ग, महामनापुरी कॉलोनी के मोड़ और डाफी चौराहे से यूको बैंक तक कई स्थानों पर करीब एक फीट तक घंटों पानी भरा रहा।
विज्ञापन

7 of 13
Varanasi rain - फोटो : अमर उजाला
चौबेपुर में सीमेंट की ईंटें धंसीं
चौबेपुर के छितमपुर गांव जाने वाले मार्ग पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। यह गांव का मुख्य मार्ग है और इसी पर प्राथमिक विद्यालय भी स्थित है। विद्यालय आने वाले बच्चे और शिक्षिकाएं आए दिन फिसलकर गिर जाते हैं। बाइक सवारों को भी परेशानी होती है। सड़क पर लगी सीमेंट की ईंटें भी धंस गई हैं। परनापुर में नाली जाम होने से गांव का पानी धौरहरा मार्ग पर भर जाता है। धौरहरा, हरिहरपुर, अजांव, गरथौली, कादीपुर, बर्थरा खुर्द और गोलधमकवां सहित कई गांवों के बच्चे इसी मार्ग से विद्यालय जाते हैं।

8 of 13
Varanasi rain - फोटो : अमर उजाला
रोहनिया में सड़क पर भरा पानी
रोहनिया बीएलडब्ल्यू रोड पर हरिहरपुर और मोहनसराय में सड़क पर पानी भर गया। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। भारी वाहन गुजरने पर पानी के छींटों के कारण बाइक और साइकिल सवारों को अधिक दिक्कत उठानी पड़ी। कछवा रोड-बाबतपुर मार्ग और कछवा रोड अंडरपास के पास नाली जाम होने से भी सड़क पर जलभराव रहा।

9 of 13
Varanasi rain - फोटो : अमर उजाला
सारनाथ-फरीदपुर अंडरपास में भरा पानी
सारनाथ से फरीदपुर जाने वाले अंडरपास में पानी भर गया। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से हर साल बरसात में यहां जलभराव होता है। कुछ महीने पहले अंडरपास को ऊंचा किया गया था, फिर भी जलभराव की समस्या दूर नहीं हुई।

10 of 13
Varanasi rain - फोटो : अमर उजाला
बरेका गेट ही नहीं, मंडुवाडीह में भी जलभराव
बरेका गेट के पास भी पानी भरा रहा। वहीं, मंडुवाडीह से चांदपुर जाने वाले मार्ग पर भी जलभराव हो गया। हाल ही में यहां सड़क बनाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद पानी जमा हो गया। कंदवा गेट पर भी पहली ही बारिश में जलभराव होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

11 of 13
वाराणसी में बारिश - फोटो : अमर उजाला
महमूरगंज में जलभराव से लोगों को परेशानी
महमूरगंज में जलभराव के कारण वाहनों के गुजरने पर लोगों पर पानी के छींटे पड़ रहे थे। शिवपुर के परमहंस नगर कॉलोनी में भी जलभराव रहा। इंद्रपुर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बाउंड्रीवाल से सटे सीवर में कचरा भरा हुआ है। चिरईगांव के उकथी की टड़िया बस्ती में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। धरसौना-नियार मार्ग से निकलकर उधोरामपुर-हथियर जाने वाली सड़क पर गड्ढा होने से भी लोगों को परेशानी हुई।

12 of 13
वाराणसी में बारिश - फोटो : अमर उजाला
अधिकारी बोले
कुछ स्थानों पर तेज बारिश के कारण कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति बनी थी, लेकिन चंद घंटों में ही पूरा पानी निकल गया। निगम सीवर और बड़े नालों की निरंतर सफाई को लेकर पूरी तरह गंभीर है। पहले से की गई मुस्तैद सफाई व्यवस्था के कारण ही इस बार शहर में कहीं भी लंबे समय तक पानी रुकने की नौबत नहीं आई। -हिमांशु नागपाल, नगर आयुक्त
विज्ञापन

13 of 13
Rain - फोटो : अमर उजाला
गलीपिट में फंसे कूड़े को हटाकर खोले गए सीवर चैंबर, पंप चलाकर निकाला गया पानी
बारिश के बाद जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को खुद व्यवस्था की कमान संभालनी पड़ी। उनके निर्देश पर निगम की टीम सड़कों पर उतर गई। उन्होंने अभियंत्रण, स्वास्थ्य और जलकल विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई। जलकल विभाग को नालों की स्थिति जांचने, स्वास्थ्य विभाग को गलीपिटों की सफाई करने और अभियंत्रण विभाग को निचले इलाकों में तत्काल पंप लगाने के निर्देश दिए गए। तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में गलीपिटों के मुंह पर कूड़ा-करकट जमा हो गया था, जिससे पानी का बहाव बाधित हो गया। जल निकासी को गति देने के लिए काशी विद्यापीठ रोड स्थित सरस्वती नगर, विकास भवन के सामने और सिगरा-फातमान रोड सहित दर्जनों स्थानों पर सीवर चैंबर खोलकर पानी निकाला गया। अंधरापुल के नीचे निगम ने एहतियात के तौर पर पंप लगा रखा है। इसके अलावा सिंधुरिया कॉलोनी (महेशपुर) सहित अन्य निचले इलाकों में तत्काल पंप चलाकर पानी निकाला गया। साथ ही फुलवरिया, कोटवा और नई बस्ती में युद्धस्तर पर नाला सफाई अभियान चलाया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें