फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ज्ञानवापी के 50 फीसदी हिस्से का सर्वे पूरा: खोले गए तहखाने, मसाजिद कमेटी की चाबी से दो कमरों के ताले खुले, एक ताला तोड़ा गया

Sat, 14 May 2022 07:11 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
1 of 7
ज्ञानवापी के 50 फीसदी हिस्से का सर्वे पूरा - फोटो : अमर उजाला
अदालत के आदेश के बाद शनिवार की सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में कमीशन की कार्यवाही शुरू हुई। तहखाने के ताले खोलकर अधिवक्ता आयुक्त अजय कुमार मिश्र ने सर्वे शुरू किया। दो कमरों के ताले तो आसानी से खुल गए लेकिन तीसरे कमरे का ताला नहीं खुलने के कारण उसे तोड़ना पड़ा। प्रशासन के अनुसार अब तक 50 फीसदी तक सर्वे का काम हो चुका है।

इस दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम के आसपास एक किलोमीटर का दायरा छावनी में तब्दील रहा। ज्ञानवापी मस्जिद के पश्चिमी द्वार के तहखाने का सर्वे शनिवार को दोपहर 12 बजे तक पूरा कर लिया गया। अब शेष क्षेत्रों और बेसमेंट का रविवार को फिर से सर्वे किया जाएगा। सर्वे से पहले ही मस्जिद परिसर को पूरी तरह से खाली करा लिया गया था।

जिला प्रशासन ने भी सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी थी। ज्ञानवापी परिसर से लगभग एक किलोमीटर पहले ही बैरिकेडिंग करके सभी को रोक दिया गया। गोदौलिया और मैदागिन से आने वाले सारे वाहनों को ज्ञानवापी की तरफ आने से रोक दिया गया। वहीं बाबा दरबार में आने वालों की भी कड़ी जांच पड़ताल की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीजीपी और मुख्य सचिव भी लगातार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए थे। 
विज्ञापन

2 of 7
ज्ञानवापी मस्जिद - फोटो : अमर उजाला
शनिवार सुबह आठ बजे तक पूरी टीम परिसर में दाखिल हुई। दोनों पक्षों की सहमति से एक-एक क्षेत्र का सर्वे शुरू किया गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अधिवक्ता आयुक्त समेत वादी-प्रतिवादी पक्ष के कुल 52 सदस्यों ने मस्जिद परिसर में प्रवेश किया। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर टीम के सभी लोगों का मोबाइल बाहर ही जमा कर लिया गया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ सदस्यों की बहस भी हुई। 
विज्ञापन

3 of 7
गोदौलिया से मैदागिन के बीच दुकानें रहीं बंद - फोटो : अमर उजाला
इसके बाद मसाजिद कमेटी के सदस्यों ने अधिकारियों को कमरों की चाबियां सौंप दीं। पहले कमरे का ताला खोलकर कमीशन की टीम ने प्रवेश किया तो कमरे में अंधेरा था। इसके बाद बिजली का इंतजाम किया गया। तहखाने में एक-एक कर टीम के सदस्यों ने प्रवेश किया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में टीम ने साक्ष्यों को कैमरे में कैद किया।

4 of 7
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते पुलिस आयुक्त - फोटो : अमर उजाला
दूसरे कमरे का ताला खोला गया तो वहां भी अंधेरा, दुर्गंध और सीलन की समस्या का सामना करना पड़ा। तीसरे कमरे का ताला लंबे समय से बंद होने के कारण जाम हो गया था जिसको तोड़कर आगे की कार्रवाई करनी पड़ी। चौथे कमरे में दरवाजा ही नहीं था। चार घंटे तक चली कार्रवाई के बाद टीम के सदस्य एक-एक करके 12 बजे से पहले ही मस्जिद परिसर से बाहर निकल आए। 
विज्ञापन

5 of 7
काफी संख्या में पुलिस तैनात - फोटो : अमर उजाला
गेट नंबर चार पर बैरिकेडिंग करने के साथ ही काफी संख्या में पुलिस तैनात की गई थी। चौक थाने के पास लगाई गई बैरिकेडिंग से उन्हीं लोगों को प्रवेश मिला जिसका नाम पुलिस की लिस्ट में था। इधर, श्रद्धालुओं को गेट नंबर एक से प्रवेश दिया। मंगला आरती के बाद से ही दोपहर एक बजे तक गेट नंबर चार तक श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद रहा। श्रद्धालुओं को बांसफाटक से मोड़कर ढुंढिराज के रास्ते मंदिर में प्रवेश कराया गया।
विज्ञापन

6 of 7
सर्वे के बाद नमाज पढ़ने के लिए जाते लोग - फोटो : अमर उजाला
ज्ञानवापी मस्जिद में कमीशन की कार्यवाही के चलते तकरीबन डेढ़ किमी इलाके को छावनी में तब्दील किया गया। सुबह आठ से 12 बजे तक चली कमीशन की कार्यवाही के चलते इन इलाकों की दुकानें बंद रहीं। 12 बजे के बाद इन इलाकों की दुकानें धीरे धीरे करके खुलीं। दोनों चौराहों के बीच बाजार पूरी तरह से बंद रहा। 12 बजे के बाद दुकानें खुलनी शुरू हुई। 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
गोदौलिया-मैदागिन मार्ग रहा बंद - फोटो : अमर उजाला
दुकानदारों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के ही दुकानें बंद करनी पड़ी। दुकानदारों ने बताया कि घर से दुकान खोलने के निकले थे लेकिन रास्ता बंद होने के कारण दुकानों तक नहीं जाने दिया गया। पूरे चार से पांच घंटे तक रास्ते खुलने का इंतजार  करना पड़ा। कुछ दुकानदार बोलने से बचते नजर आए। कुछ ने कहा कि अपने मन से दुकानों को बंद किया था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें