लाकडाउन के दौरान शराब की दुकानें बंद थी तो चार दोस्तों ने मिलकर वाराणसी के वरूणापार इलाके से 10 मई की रात शराब की दुकान का ताला तोड़ अंग्रेजी शराब 26 पेटी और एक बोरी में भरी देशी शराब चुराकर भाग निकले। जिन्हें शनिवार को कैंट पुलिस ने वरूणापुल स्थित शास्त्री पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि एक आरोपी अब भी फरार है।
एसीपी कैंट अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि चोरी के दर्ज मुकदमें के आधार पर जांच की कार्रवाई की जा रही थी, कैंट इंस्पेक्टर राकेश सिंह को सूचना मिली कि शास्त्री घाट के पास एक शौचालय में शराब की खेप छुपाकर रखी गई है। पुलिस ने सूचना की तस्दीक कर शास्त्री घाट से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से 22 पेटी अंग्रेजी शराब और 45 शीशी देशी शराब, छोटा गैस सिलिंडर, इनवर्टर व बैटी बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान पक्की बाजार निवासी नासिर व शादाब खान, कांशीराम आवास शिवपुर के रहने वाले समीर ने बताया कि लाकडाउन के दौरान शराब की दुकानें बंद होने से तलब लगी तो दुकान में चोरी की योजना बनाई गई।