फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब नजर आने लगी श्री काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता, सीएम योगी बाले- समय से पूरा कराएं कॉरिडोर

Sat, 19 Jun 2021 09:24 AM IST
हरि User न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
1 of 11
वाराणसी में सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला
विकास कार्यों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे। सीएम योगी ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता अब निखरकर सामने आ गई है। धाम के काम को समय से पूरा कराएं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखें। शुक्रवार की रात श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे सीएम ने बाबा का दर्शन पूजन करने के बाद निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। 
शुक्रवार को सीएम रात 9:15 बजे मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्वनाथ की पूजा-अर्चना की। आचार्य श्रीकांत मिश्रा, आचार्य टेक नारायण और अर्चक गणपति झा ने मुख्यमंत्री की षोडशोपचार पूजा कराई। 
पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री ने परिसर में लग रहे मकराना पत्थरों के काम को देखा। उन्होंने मंदिर परिसर के चल रहे कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर चौक बिल्डिंग के छत पर बने वीआईपी गैलरी में भी गए जहां से उन्होंने बाबा के शिखर और मां गंगा दोनों को प्रणाम किया। कहा कि अब इस धाम की भव्यता निखर कर सामने आई है। उन्होंने कार्य को समय पर पूर्ण कराने का निर्देश अधिकारियों को दिए। अगली स्लाइड पर क्लिक कर देखें...।
विज्ञापन

2 of 11
काशी विश्वनाथ कारिडोर का निरीक्षण करते सीएम योगी।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि अधिकतर इमारतों का इंटीरियर का काम भी शुरू हो गया है। फर्श पर पत्थर लगाने का कार्य चल रहा है। वहीं वायरिंग, फायर और एयर कंडीशन लगाने के काम एक साथ चल रहे हैं। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि सावन तक श्रद्धालुओं के लिए काफी कुछ व्यवस्था तैयार कर ली जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी ना हो। निरीक्षण के दौरान धर्मार्थ कार्य मंत्री नीलकंठ तिवारी, मंत्री रविन्द्र जायसवाल, डीएम कौशल राज शर्मा, डिप्टी कलेक्टर विनोद सिंह, विशेष कार्य अधिकारी उमेश कुमार सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक निखिलेश कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।
विज्ञापन

3 of 11
सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक करते सीएम योगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा, कोरोना कमजोर हो रहा है, ऐसे में सामूहिक प्रयास से अर्थव्यवस्था मजबूत करने का काम होना चाहिए। कोरोना समाप्त नहीं हुआ है और जलजनित बीमारियों से भी सतर्क रहने की जरुरत है। जनप्रतिनिधियों की कुछ अधिकारियों से संवादहीनता की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक करें। नगर निगम प्रोजेक्ट बनाते समय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लें।

4 of 11
सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी की पहचान वरुणा व अस्सी को व्यवस्थित व संरक्षित करने की कार्रवाई हो। चैनेलाइजेशन के साथ ही गंदा नाला गंगा, वरुणा व अस्सी में नहीं पड़े। सरकारी अस्पताल सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी संख्या में संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी दें। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना दीपावली तक चलेगी। कोटेदार की दुकान पर एक साथ भीड़ न जुटे और ई पास मशीन से खाद्यान्न वितरण हो। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे। 
विज्ञापन

5 of 11
वाराणसी में शुक्रवार को ईएसआईसी अस्पताल में कोरोना का टीका लगवाती युवती। - फोटो : अमर उजाला
वैक्सीनेशन को तीन गुना की करें तैयारी
सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में चार लाख से अधिक वैक्सीनेशन प्रतिदिन हो रहे हैं। 21 जून से छह लाख और जुलाई से प्रतिदिन 10 से 12 लाख डोज प्रतिदिन लगेगी। वाराणसी में भी टीकाकरण तीन गुना बढ़ेगा। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका में बच्चों के लिए मेडिसिन किट 24 जून से वितरित करें। निगरानी समितियों का दवा वितरण में सहयोग ले। कोरोना से मृत माता-पिता के बच्चों हेतु बाल सेवा योजना का लाभ दें।
विज्ञापन

6 of 11
विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद कॉरिडोर का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
कानून व्यवस्था चुस्त रहे और अपराधियों में पुलिस का खौफ दिखे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था चुस्त रहे और अपराधियों में पुलिस का खौफ भी दिखाई दे। उन्होंने चैन स्नैचिंग की घटनाओं का संज्ञान लेकर निर्देश दिया कि इस पर हर हाल में लगाम लगनी चाहिए। सीएम ने कहा कि कानून व्यवस्था में बनारस सर्किल में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई हुई है। 410  करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त एवं ध्वस्त की गई। 393 शराब माफियाओं के विरुद्ध कार्यवाही हुई और उनकी 22 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हो गई।
विज्ञापन

7 of 11
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि - फोटो : iStock
किसानों को सवा तीन सौ करोड़ की सहयोग राशि 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर नल योजना से सभी आंगनवाड़ी व प्राइमरी स्कूल आच्छादित हो। ग्रामीण सामुदायिक शौचालय की केयरटेकर को छह हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाए। किसान सम्मान निधि में अब तक 338.45 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजी जा चुकी है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि तीसरी लहर की आशंका के दृष्टिगत तैयारियां कर ली गई है। 14 ऑक्सीजन प्लांट सरकारी अस्पतालों में स्थापित हो रहे हैं। 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऑक्सीजन प्लांट की प्लानिंग कर ली गई है जो 30 जुलाई तक लग जाएंगे।

8 of 11
वाराणसी में शुक्रवार को सेवापुरी विकासखंड के हाथी बाजार पीएचसी का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला
सीएम ने लगाई आवाज तो पता लगा घर पर हैं एमडी
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से कहा कि पूर्वाचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबन्ध निदेशक हम जनसेवकों का फोन भी नहीं उठाते। महीनों तक उनसे बात नहीं हो पाती। इस पर मुख्यमंत्री ने बैठक में प्रबंध निदेशक को आवाज लगाई पर पता चला कि प्रबंध निदेशक बैठक में आए ही नहीं थे। उन्होंने अपने प्रतिनिधि के रूप में निदेशक तकनीकी को भेज दिया था। मुख्यमंत्री के यह पूछने पर कि प्रबंध निदेशक कहां हैं, निदेशक तकनीकी ने बताया कि वह घर पर हैं। प्रबंध निदेशक की ढिलाई मुख्यमंत्री को नागवार गुजरी और उन्होंने बैठक में ही प्रबंध निदेशक को निलंबित कर दिया।

9 of 11
मलदहिया चौराहे के समीप विद्यापीठ की दीवार से सटे सड़क पर भरे बारिश के पानी को निकालते जल निगम के कर्मचारी । - फोटो : अमर उजाला
दोबारा न मिले जलभराव और गंदगी की शिकायत
मुख्यमंत्री ने मानसून की पहली बारिश में शहर भर में जलभराव पर सख्त नाराजगी जाहिर की। उन्होंने नगर आयुक्त से कहा कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने के बाद देशभर से लोग वाराणसी आएंगे और यहां साफ सफाई में लापरवाही अक्षम्य होगी। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को शहर के हालात की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।

10 of 11
वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में 20 मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। उन्होंने कहा, ईमानदारी और मेहनत से दायित्व निर्वहन करें। जिलाधिकारी से कहा कि मृतक कर्मियों के सेवागत लाभ का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। किसी भी मृतक कर्मी का किसी भी दशा में बकाया नहीं रहना चाहिए। 
विज्ञापन

11 of 11
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से निकलते सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला
अगस्त से दिसंबर के बीच पूरी होंगी 62 परियोजनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा सर्किट हाउस में निर्माणाधीन परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। वाराणसी में 8238.77 करोड़ रुपए की 136 प्रमुख परियोजनाएं निर्माणाधीन है। जिसमें मई 2021 और जून माह में पूर्ण होने वाली 726.54 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाएं हैं। अगले माह जुलाई, 2021 में 1424.42 करोड़ रुपये की 14 परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी। अगस्त से दिसंबर 2021 तक 3879.49 करोड़ रुपये की 62 परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी। अगले वर्ष जनवरी 2022 के बाद 1894.15 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन 7 परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी। 314.17 करोड़ रुपये की 14 परियोजनाएं टेंडर व अन्य प्रक्रिया में हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें