फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एयर शो: एयरपोर्ट पर पहुंचे 7 विमान, लॉकीड मार्टिन सी-130जे सुपर हरक्यूलिस भरेगा उड़ान; देखा गया ग्रैंड रिहर्सल

Tue, 20 Oct 2026 01:15 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट पर सात विमान पहुंच चुके हैं, जबकि 20 विमानों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लॉकीड मार्टिन सी-130जे सुपर हरक्यूलिस भी एयर शो में उड़ान भरेगा, जो हवा में ईंधन भर सकता है। उधर, बाबतपुर से नमो घाट तक मार्गों, भवनों, फ्लाईओवर और अंडरपास को संवारा जा रहा है। दीवारों पर गंगा घाटों की छटा उकेरी जा रही है।
विज्ञापन
1 of 19
बनारस में एयर शो के रिहर्सल ने सभी को चाैंकाया। - फोटो : उज्जवल गुप्ता, अमर उजाला
एयर शो को ध्यान में रखकर काशी को आकर्षक रूप देने के लिए शहर का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख मार्गों, भवनों, फ्लाईओवर, अंडरपास और दीवारों को सजाने-संवारने का काम तेजी से चल रहा है। कहीं दीवारों पर गंगा की लहरें और घाटों के दृश्य उकेरे जा रहे हैं, तो कहीं भवनों पर सुबहे बनारस की झलक दिखाई देने की तैयारी है।

Trending Videos
विज्ञापन

2 of 19
हैरतअंगेज करतब ने सभी को किया आकर्षित। - फोटो : अमर उजाला
स्ट्रीट लाइट, पेड़ों और पुलों पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि एयर शो के दौरान शहर पहुंचने वाले लोगों को काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की झलक मिल सके। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बताया कि काशी की पहचान उसकी समृद्ध विरासत, परंपरा और सांस्कृतिक विविधता से है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर को सजाया जा रहा है। 
विज्ञापन

3 of 19
एयर शो के लिए अभ्यास करता वायु सेना का चिनूक हेलीकॉप्टर। - फोटो : अमर उजाला
एयरपोर्ट से नमो घाट तक के मार्गों पर पेंटिंग, म्यूरल आर्ट और आकर्षक लाइटिंग के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक पहचान को उभारने का काम किया जा रहा है। दीवारों पर गंगा की लहरों, घाटों और गंगा तट के दृश्यों को उकेरा जा रहा है। वहीं, भवनों पर गंगा घाटों और सुबहे बनारस से जुड़े दृश्य दिखाई देंगे। मार्गों पर गंगा आरती के दृश्य और काशी की कला-संस्कृति से जुड़े चित्र भी देखने को मिलेंगे।

4 of 19
एयर शो का चल रहा रिहर्सल। - फोटो : अमर उजाला
वीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि चौकाघाट से नमो घाट तक दुकानों और भवनों को एकरूपता देने के लिए एक ही रंग में रंगने का काम कराया जा रहा है। इससे मार्गों का दृश्य अधिक व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएगा। इसके साथ ही पेड़ों पर फसाड लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्पाइरल स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है।सौंदर्यीकरण के माध्यम से काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और कलात्मक पहचान को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। भगवान बुद्ध से जुड़े प्रसंगों के साथ काशी के गीत-संगीत और नृत्य की झलक भी सजावट का हिस्सा होगी।
विज्ञापन

5 of 19
हेलीकाप्टर उड़ते ही बनाने लगे वीडियो। - फोटो : अमर उजाला
नमो घाट मार्ग के डिवाइडर पर लगेंगे डमरू, त्रिशूल और ॐ के झंडे
नमो घाट मार्ग के डिवाइडर पर काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप झंडे लगाए जाना प्रस्तावित है। इन झंडों पर भगवान शिव के डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीक होंगे। एयर शो के मद्देनजर शहर में हो रहे सौंदर्यीकरण के तहत इस सजावट के जरिए मार्ग को काशी की आध्यात्मिक परंपरा के अनुरूप आकर्षक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। 
विज्ञापन

6 of 19
नमो घाट के आसपास उड़े हेलीकाप्टर। - फोटो : अमर उजाला
नमो घाट से चौकाघाट तक सड़क किनारे स्थित भवनों पर फसाड पेंटिंग कराई जा रही है। नमो घाट मार्ग पर मोटिफ लाइटें स्थापित करने का काम चल रहा है, जबकि चौकाघाट पुल पर मोटिफ स्तंभ लगाए जा रहे हैं। चौकाघाट क्षेत्र में भी सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। इसके अलावा नमो घाट और गया घाट पर पेंटिंग का काम भी जारी है।
विज्ञापन

7 of 19
आसमान में एक घंटे तक प्रदर्शन। - फोटो : अमर उजाला
बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक रोशनी से निखरेगा मार्ग
बाबतपुर एयरपोर्ट से अतुलानंद तक मोटिफ लाइटिंग स्थापित करने और बिजली के खंभों पर स्ट्रिप लाइट लगाने का काम किया जा रहा है। बाबतपुर से बाबतपुर फ्लाईओवर तक डिवाइडर पर पेंटिंग कराई जा रही है। वहीं, बाबतपुर से नमो घाट ब्रिज तक पेड़ों और पुल पर फसाड लाइटिंग लगाने का काम भी चल रहा है।इन व्यवस्थाओं के पूरा होने के बाद एयरपोर्ट से नमो घाट तक का मार्ग रोशनी और रंगों से सजा नजर आएगा। इसका उद्देश्य एयर शो के दौरान शहर आने वाले लोगों को काशी की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ शहर की सुंदरता को और निखारना है।

8 of 19
बाबतपुर एयरपोर्ट की पार्किंग में खड़े वायु सेना के सूर्य किरण विमान। - फोटो : अमर उजाला
एयर शो के दौरान राजघाट पुल से बिना रोके निकाली जाएंगी ट्रेनें
काशी में नमो घाट पर जिस समय एयर शो होगा, उस समय काशी रेलवे स्टेशन से राजघाट होते हुए ट्रेनों को थ्रू यानी बिना रोके निकाले जाने की तैयारी है। जिला प्रशासन ने इस पर रेलवे के अधिकारियों से चर्चा कर ली है। सुरक्षा कारणों से जिला प्रशासन ने ट्रेनों को राजघाट पुल से थ्रू निकाले जाने के लिए रेलवे प्रशासन से कहा है। माना जा रहा है कि जल्द ही रेलवे की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया जाए। 

9 of 19
नमो घाट पर एयर शो के लिए आए सेना के ट्रक। - फोटो : अमर उजाला
एयर शो में लॉकीड मार्टिन सी-130जे सुपर हरक्यूलिस भी भरेगा उड़ान, हवा में भर सकता है ईंधन
काशी के आसमान में 22, 24 और 25 अक्तूबर को होने वाले भारतीय वायुसेना के एयर शो में लड़ाकू विमानों के साथ अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन का सी-130जे सुपर हरक्यूलिस भी अपनी ताकत दिखाएगा। इसकी खासियतों में हवा में ईंधन भरने की क्षमता भी शामिल है। एयर शो के लिए बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। अब तक सात विमान पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर कुल 20 विमानों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मंगलवार तक सभी विमान आ जाएंगे। सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के विमान पहले से ही यहां मौजूद हैं।

10 of 19
एयर शो के लिए लगाया गया टेंट।  - फोटो : अमर उजाला
सी-130जे सुपर हरक्यूलिस की मौजूदगी इस आयोजन को खास बनाएगी। यह विमान सामान्य परिवहन विमान की तरह केवल सैनिकों और सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सैन्य अभियानों में कई तरह की जिम्मेदारियां निभा सकता है। इसका इस्तेमाल सैनिकों, सैन्य उपकरणों और जरूरी सामग्री के परिवहन के साथ विशेष अभियानों में भी किया जाता है। इसके अलावा तेजस, सुखोई, पोसाइडन, मिग 29के, आईएल 78 आदि 100 विमान शामिल होंगे। इसके लिए एयरपोर्ट पर भी तैयारियां की जा रही हैं।

11 of 19
एयर शो के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा सेना का तेजस विमान। - फोटो : संवाद
कठिन परिस्थितियों में भी संचालन की क्षमता
सी-130जे सुपर हरक्यूलिस चार टर्बोप्रॉप इंजन वाला सामरिक परिवहन विमान है। इसे कम दूरी के रनवे और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संचालन के लिहाज से तैयार किया गया है। जरूरत के अनुसार यह सैनिकों और सैन्य सामग्री को पहुंचाने, राहत एवं बचाव अभियान तथा आपदा के समय आवश्यक सामान की आपूर्ति जैसे कार्यों में उपयोगी साबित होता है।

12 of 19
वाराणसी में एयर शो की चल रही तैयारी। - फोटो : अमर उजाला
22, 24 और 25 अक्तूबर को दिखेगा हवाई कौशल
भारतीय वायुसेना के एयर शो के तहत 22, 24 और 25 अक्तूबर को वाराणसी में हवाई प्रदर्शन प्रस्तावित है। नमो घाट के आसपास और निर्धारित सार्वजनिक दर्शन स्थलों से लोग इस आयोजन को देख सकेंगे। इसमें सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के प्रदर्शन के साथ वायुसेना के विमानों की क्षमताओं को देखने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और विमानों के संचालन की तैयारियां भी तेज हैं।

एयर शो: गुब्बारे, पतंग और ड्रोन पर आज से 30 अक्तूबर तक रोक
22, 24 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) ने कमिश्नरेट वाराणसी क्षेत्र में पतंग, गुब्बारे, पैराग्लाइडर और ड्रोन आदि के इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। सोमवार से 30 अक्तूबर तक यह प्रतिबंध प्रभावी होगा। इस अवधि के दौरान बिना अनुमति के किसी भी प्रकार के रिमोट संचालित माइक्रोलाइट, पैराग्लाइडर, पतंग, गुब्बारे या ड्रोन का संचालन पूरी तरह वर्जित रहेगा।

14 of 19
एयर शो के लिए नमो घाट पर बना वाॅच टावर। - फोटो : अमर उजाला
एयर शो में 25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री सहित कई अति-विशिष्ट के आगमन की संभावना है। भारी भीड़ और सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कमिश्नरेट में सुरक्षा तगड़ी की गई है। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने बताया कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति या संस्था इस आदेश का उल्लंघन करती है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

15 of 19
नमो घाट पर एयर शो की तैयारी। - फोटो : अमर उजाला
एयर शो को लेकर रूट डायवर्जन, ढाई घंटे बंद रहेगी राजघाट पुल पर पैदल आवाजाही
एयर शो के लिए शहर और घाट क्षेत्रों में 79 अस्थायी पुलिस थाने बनाए गए हैं। 48 थाने नगर क्षेत्र और 31 अस्थायी घाट थाने शामिल हैं। हर थाने पर एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षियों की तैनाती की गई है। 3 ग्रीन कॉरिडोर और 4 ट्रैफिक प्लान तैयार किए गए हैं। 

16 of 19
एयर शो के लिए डोमरी में टेंट तैयार करते कर्मचारी। - फोटो : अमर उजाला
इनमें आंतरिक और बाहरी यातायात के लिए अलग-अलग डायवर्जन, बैरियर और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। एयर शो के दौरान शहर में भारी वाहनों और ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। शहर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए गंगा के इस पार और बाहरी जिलों से आने वालों के लिए रामनगर-पड़ाव की ओर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। 

17 of 19
वाराणसी में एयर शो की तैयारी। - फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा कारणों से राजघाट पुल को एयर शो के दौरान लगभग ढाई घंटे तक पैदल आवाजाही के लिए भी बंद रखा जाएगा। आपातकालीन स्थिति और एंबुलेंस के सुचारु आवागमन के लिए प्रमुख अस्पतालों और आयोजन स्थल के बीच 3 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं। पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। 

18 of 19
वाराणसी में एयर शो की तैयारी। - फोटो : अमर उजाला
5 दिन दोपहर एक से तीन बजे तक प्रभावित रहेंगी नियमित उड़ानें
एयर शो के दौरान हवाई क्षेत्र में विमानों की गतिविधियों को देखते हुए 21 से 25 अक्तूबर तक बाबतपुर एयरपोर्ट पर नियमित यात्री विमानों के परिचालन के समय में बदलाव किया जाएगा। इन पांच दिनों में प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक नियमित उड़ानों को रीशेड्यूल किया जाएगा।
विज्ञापन

19 of 19
एयर शो के रिहर्सल को कैमरे में कैद करती युवती। - फोटो : अमर उजाला
इस दौरान दो घंटे एयर शो के लिए निर्धारित फ्लाइंग जोन में विमानों की गतिविधियां संचालित होंगी। उड़ानों के समय में होने वाले बदलाव की सूचना यात्रियों को दे दी गई है। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान का संशोधित समय पता करने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें