मार्च में बढ़ती गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार सुबह अचानक घना कोहरा छा गया, जिससे कई जगहों पर दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई और यातायात प्रभावित हुआ। मौसम के इस अप्रत्याशित बदलाव से लोग हैरान रह गए। मार्च के महीने में दिसंबर जैसी कड़कड़ाती ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहा।
मार्च में भी कोहरे से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक ऐसी करवट ली कि लोग हैरान रह गए। जहां एक ओर गर्मी लगातार बढ़ रही थी, वहीं सुबह घने कोहरे और ठंडी हवाओं ने दिसंबर जैसी सर्दी का अहसास करा दिया। कई जिलों में दृश्यता लगभग शून्य तक पहुंच गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
2 of 15
मैनपुरी में सुबह का दृश्य
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कोहरे के कारण मैनपुरी के कई इलाकों में थमी वाहनों की रफ्तार
मैनपुरी के किशनी और बेवर में मंगलवार सुबह अचानक घना कोहरा छा जाने से लोगों को अजीब मौसम का अनुभव हुआ। मार्च के महीने में जब गर्मी लगातार बढ़ रही थी, उस बीच सुबह-सुबह छाए कोहरे ने न सिर्फ मौसम को ठंडा कर दिया बल्कि सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी थाम दी। किशनी क्षेत्र में सुबह जब लोग नींद से जागे तो चारों ओर कोहरे की चादर फैली हुई थी। जैसे-जैसे सुबह आगे बढ़ी, कोहरा और घना होता गया। कुछ समय के लिए दृश्यता मात्र 10 से 12 मीटर रह गई, जिसके कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलना पड़ा। हालांकि करीब नौ बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंटने लगा और साढ़े नौ बजे तक धूप निकल आने से जनजीवन सामान्य हो गया।
विज्ञापन
3 of 15
एटा में दृश्यता रही बेहद कम
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एटा में घने कोहरे ने लोगों को अचंभित कर दिया
एटा के जैथरा कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अचानक घने कोहरे की चादर छा गई, जिससे लोगों को गर्मी के मौसम में सर्दी का एहसास हुआ। सुबह के समय दृश्यता लगभग शून्य हो गई, जिसके कारण वाहनों को लाइटें जलाकर बेहद धीमी गति से चलना पड़ा। इस अप्रत्याशित मौसमी घटनाक्रम ने स्थानीय लोगों को अचंभित कर दिया। हाल ही में होली के बाद से क्षेत्र में तापमान तेजी से बढ़ रहा था और लोग दोपहर की धूप से परेशान थे। कई लोगों ने गर्म कपड़े पहनने से भी परहेज कर लिया था और हाफ शर्ट में घूम रहे थे। ऐसे में, मंगलवार की सुबह घने कोहरे और ठंडी हवा का सामना करना उनके लिए एक बड़ा आश्चर्य था।
राहगीरों के कपड़ों पर बर्फ की हल्की परत जमी देखी गई, और कई लोगों के कपड़े भीगे हुए मिले, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कस्बे और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को इस घने कोहरे का सामना करना पड़ा। सुबह सैर के लिए निकले लोगों को अचानक घने कोहरे और ओस की बूंदों से सामना हुआ, जिससे उनकी आंखें फटी रह गईं। दृश्यता शून्य होने के कारण सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। घने कोहरे के कारण लोगों को सर्दी का अहसास हुआ और उनके हाथ-पैर ठंडे पड़ गए। यह स्थिति लगभग तीन घंटे से अधिक समय तक बनी रही, जिसके बाद सुबह लगभग साढ़े नौ बजे धूप निकलने पर जनजीवन सामान्य हो सका। स्थानीय लोग इस अचानक पड़े घने कोहरे को 'कुदरत का करिश्मा' बता रहे हैं।
4 of 15
कानपुर में मार्च में दिखा दिसंबर जैसा मंजर
- फोटो : amar ujala
कानपुर मंडल में मौसम के मिजाज ने मंगलवार को अचानक ऐसी करवट बदली कि लोग दंग रह गए। मार्च के महीने में दिसंबर जैसी कड़कड़ाती ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहा। कोहरे का असर इतना जबरदस्त था कि हाईवे पर चंद कदम की दूरी का भी कुछ नजर नहीं आ रहा था। इसके चलते वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा।
विज्ञापन
5 of 15
kannauj weather update
- फोटो : amar ujala
कन्नौज: कोहरे के चलते सड़क हादसा
कोहरे का सबसे घातक असर कन्नौज में देखने को मिला, जहां घने कोहरे के कारण एक मोटरसाइकिल और स्कूली बस (मैजिक) में भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहन से घायल को 100 शैया अस्पताल, छिबरामऊ में भर्ती कराया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरेंद्र कुमार के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और हवा की दिशा बदलने से रात के तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हवा में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण ओस की बूंदों ने घने कोहरे का रूप ले लिया। उन्होंने इसे एक सामान्य मौसमी प्रक्रिया करार दिया है।
विज्ञापन
6 of 15
farrukhabad weather update
- फोटो : amar ujala
फर्रुखाबाद: परीक्षार्थियों की बढ़ी मुश्किलें
फर्रुखाबाद में मौसम ने मंगलवार को अचानक करवट बदल ली। सुबह से दिसंबर की तरह घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते चालकों को वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। चंद कदम की दूरी का कुछ नजर नहीं आ रहा था। सुबह यूपी बोर्ड की परीक्षा होने के कारण छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घने कोहरे और हल्की ठंड के बीच परीक्षार्थी ठिठुरते हुए केंद्रों तक पहुंचे।
विज्ञापन
7 of 15
chitrakoot weather update
- फोटो : amar ujala
चित्रकूट: अचानक बदला मौसम का मिजाज
चित्रकूट में भी सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग और मुख्य सड़कों पर दृश्यता बेहद कम होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चालकों को दिन के उजाले में भी अपने वाहनों की हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर रेंगने को मजबूर होना पड़ा। कोहरे के साथ ही ठंडी हवाओं ने भी दस्तक दी, जिससे सुबह के समय हल्की ठंडक का अहसास हुआ।
8 of 15
auraiya weather update
- फोटो : amar ujala
औरैया: कोहरे की सफेद चादर ने बढ़ाई मुसीबत
औरैया में मंगलवार की सुबह लोग उस समय हैरान रह गए जब मार्च के महीने में दिसंबर जैसी कड़ाके की सर्दी का मंजर देखने को मिला। मौसम ने अचानक करवट बदली और पूरा जिला घने कोहरे की सफेद चादर में कैद हो गया। सुबह की शुरुआत इतने घने कोहरे के साथ हुई कि दृश्यता लगभग शून्य तक पहुंच गई। इसके चलते वाहन चालकों को मजबूरन अपने वाहनों की हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर चलना पड़ा।
9 of 15
unnao weather update
- फोटो : amar ujala
उन्नाव: घने कोहरे से विजिबिलिटी शून्य; एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा के इंतजाम कड़े
उन्नाव में मंगलवार की सुबह मौसम ने सबको हैरान कर दिया। मार्च के महीने में, जब लोग गर्मी की आहट महसूस कर रहे थे, अचानक पूरा जिला घने कोहरे की सफेद चादर में लिपट गया। सुबह चार बजे से लेकर करीब नौ बजे तक कोहरे का असर इतना जबरदस्त रहा कि दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई। इसका सीधा असर यातायात की रफ्तार पर पड़ा।
10 of 15
hamirpur weather update
- फोटो : amar ujala
हमीरपुर: मार्च की गर्मी के बीच घना कोहरा
हमीरपुर में मार्च के दूसरे सप्ताह में सूरज की तपिश बढ़ते ही मंगलवार सुबह कस्बा घने सफेद कोहरे में लिपट गया। सुबह आठ बजे तक दृश्यता महज 10 मीटर रह गई। वाहन हेडलाइट जलाकर रेंगते नजर आए, जबकि तापमान सुबह 18-20 डिग्री और दोपहर 35-38 डिग्री के बीच रहा। किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं। गेहूं पकने की कगार पर है, नमी से दाने की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। लाही-दलहनी फसलों में माहू कीट और फफूंद रोगों का खतरा बढ़ा।
11 of 15
रायबरेली में कोहरा
- फोटो : अमर उजाला
रायबरेली में भी छाया कोहरा
मंगलवार को कोहरा होने से सुबह के समय वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। मौसम के बदले मिजाज से सभी अचरज में रहे। हालांकि आठ बजे के बाद उमस होने लगी और धूप निकली। इस दौरान धूप की तेजी कम रही और धुंध की अधिकता रही। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में औसत से अधिक बढ़त होने के साथ एक असंतुलन कायम हुआ है। इस कारण सुबह के समय कोहरा रहा। किसानों का कहना है कि समय से पहले गर्मी अधिक हो रही है, इससे गेहूं की फसल पर प्रभाव पड़ना तय है। इस समय तापमान औसत होना चाहिए। साथ ही हवा चलनी चाहिए, लेकिन उमस हो रही है, इस कारण कीटों का प्रभाव भी बढ़ेगा।
12 of 15
मेरठ में छाई धुंध
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ में भी बदला मौसम का मिजाज, छाया कोहरा
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह से मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिला। मेरठ में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही, जबकि दोपहर होते ही आसमान में बादल मंडराने लगे। बादलों के कारण तेज धूप नहीं निकल सकी, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत महसूस हुई। आसपास के जिलों में भी मौसम नम बना गया। दिन के दौरान हवा की गति में हल्का इजाफा हुआ, जिससे वातावरण में नमी बनी रही। मौसम में आए इस बदलाव का असर जनजीवन के साथ-साथ प्रदूषण स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। क्षेत्र में वायु गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है और प्रदूषण का स्तर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
13 of 15
कोहरा
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं में सुबह कोहरा और दिन में छाए रहे बादल
मंगलवार की सुबह बदायूं में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। सुबह के समय आसमान में हल्का कोहरा छा गया और वातावरण में धुंध बनी रही। इसके साथ ही आसमान में बादलों की चादर भी फैली रही, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत मिले। बादलों और धुंध के कारण सुबह के समय लोगों को ठंडक का एहसास हुआ, लेकिन तापमान में खास गिरावट नहीं होने से दिन में हल्की गर्मी का असर बना रहा।
14 of 15
लखनऊ में सुबह 10 बजे तक छाई रही धुंध
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी लखनऊ समेत मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और बरेली में भी सुबह धुंध और कोहरे का असर देखने को मिला। सुबह दस बजे तक कई इलाकों में हल्की धुंध बनी रही, जिससे मौसम सर्दियों जैसा महसूस हुआ।
मार्च में गर्मी की दस्तक, फिर भी धुंध में लिपटा नोएडा
मार्च की शुरुआत के साथ ही शहर में गर्मी ने दस्तक दे दी है, लेकिन इसके बावजूद हवा में धुंध का असर कम नहीं हुआ है। पिछले कुछ दिनों से नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ऑरेंज जोन में दर्ज किया जा रहा है, जो मध्यम से खराब श्रेणी की ओर इशारा करता है। सुबह के साथ-साथ दिन में भी शहर के कई इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिल रही है। सड़कों और ऊंची इमारतों के आसपास धुंध की परत साफ नजर आ रही है। मौसम में बदलाव के बावजूद प्रदूषण का असर लोगों को महसूस हो रहा है।