फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP MLC Election Result: अपने-अपने गढ़ में हारी सपा और भाजपा, प्रतापगढ़ में राजा भैया का जलवा बरकरार

Tue, 12 Apr 2022 01:16 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
विज्ञापन
1 of 14
mlc election up 2022 - फोटो : अमर उजाला
स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद की 36 सीटों के चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। भाजपा के खाते में 36 में से 33 सीटें आई हैं। भाजपा को विधान परिषद में पूर्ण बहुमत मिला है। विधान परिषद की 9 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। समाजवादी पार्टी चुनाव में मुकाबले में ही नहीं दिखी। सपा को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली है। मंगलवार को 27 सीटों पर नतीजे आए, इनमें से 24 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है। जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है। समाजवादी पार्टी के गढ़ आजमगढ़ में निर्दलीय विक्रांत सिंह ने जीत हासिल की है। जबकि भारतीय जनता पार्टी के गढ़ में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। वाराणसी से निर्दलीय अन्नपूर्णा सिंह चुनाव जीती हैं। वहीं, प्रतापगढ़ में राजा भैया का जलवा बरकरार है। उनके करीबी अक्षय प्रताप सिंह 5वीं बार एमएलसी बने हैं।
 
विज्ञापन

2 of 14
निर्दलीय विक्रांत सिंह रिशु - फोटो : अमर उजाला
सपा-भाजपा को पटखनी देकर निर्दल विक्रांत सिंह रिशु ने मारी बाजी
आजमगढ़ जनपद में एमएलसी चुनाव की मतगणना का कार्य पूरा हो गया है। मतगणना में निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा के अरूण कांत यादव को हराकर जीत दर्ज की है। उनकी जीत से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। जनपद में एमएलसी चुनाव को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग गया। मंगलवार को एफसीआई गोदाम में सुबह आठ बजे मतगणना का कार्य शुरू हुआ। तीन घंटे में ही मतणना का कार्य पूरा कर लिया गया। मतगणना में निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा के अरुण कांत यादव को पटखनी देकर इस सीट पर कब्जा जमाया। मतगणना में विक्रांत सिंह रिशु 4075 मत प्राप्त हुए। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अरूण कांत यादव को 1262 और सपा के राकेश यादव को 356 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार विक्रांत सिंह रिशु 2813 मतों से विजयी घोषित किए गए।
 
विज्ञापन

3 of 14
अक्षय प्रताप - फोटो : अमर उजाला
अक्षय प्रताप सिंह पांचवी बार एमएलसी बने
प्रतापगढ़ में राजा भइया का जलवा कायम है। अक्षय प्रताप सिंह 5वीं बार एमएलसी बने हैं। अक्षय प्रताप सिंह 1106 मतों से विजयी हुए हैं। उन्हें कुल 1720 मत मिले। भाजपा के हरी प्रताप सिंह को 614 वोट प्राप्त हुए। सपा के विजय बहादुर यादव 380 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। इनवैलिड मतों की संख्या 62 रही, वहीं जनसत्ता दल के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश नाथ ओझा 14 को वोट मिले। इनके अलावा अक्षय प्रताप सिंह की पत्नी मधुरिमा सिंह को 5 मत मिले।

4 of 14
mlc election up 2022 - फोटो : अमर उजाला

वाराणसी में निर्दलीय की जीत

वाराणसी में एक बार फिर से बृजेश सिंह का दबदबा क़ायम रहा। एमएलसी चुनाव में उनकी पत्नी अन्नपूर्णा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। यहां भाजपा को तीसरा स्थान मिला। अंतिम चक्र की मतगणना में सपा के उमेश यादव को 345, भाजपा के डॉ सुदामा पटेल को 170 वोट मिले। वहीं, निर्दलीय अन्न पूर्णा सिंह ने 4234 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। इसमें 127 कुल निरस्त मतपत्र मिले।

बता दें कि 24 वर्ष से बनारस की इस सीट पर केंद्रीय जेल में बंद बृजेश सिंह या उनके परिवार का ही कब्जा रहा है। निवर्तमान एमएलसी बृजेश सिंह के बड़े भाई उदयभान सिंह उर्फ चुलबुल सिंह एमएलसी सीट पर 1998 में एमएलसी बने। दो बार एमएलसी चुने गए और पंचायत चुनाव में उनका दबदबा जगजाहिर ही है। इसके बाद 2010 में बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह बसपा के टिकट से इस सीट पर एमएलसी बनी। इसके बाद वर्ष 2016 में बृजेश सिंह मैदान में उतरे तो भाजपा ने उन्हें समर्थन दिया और उनके खिलाफ कोई प्रत्याशी नहीं उतारा।
विज्ञापन

5 of 14
UP Mlc Election 2022 - फोटो : अमर उजाला
बहराइच में एमएलसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी प्रज्ञा त्रिपाठी ने जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी अमर यादव को भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा त्रिपाठी ने हरा दिया है। प्रज्ञा त्रिपाठी ने 3188 मतों से जीत हासिल की है। 
विज्ञापन

6 of 14
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव परिणाम 2022 - फोटो : अमर उजाला
रायबरेली में भाजपा प्रत्याशी एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह एमएलसी चुनाव में दो हजार से ज्यादा मतों से जीत गए हैं। प्रतिद्वंदी एवं सपा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव को करारी शिकस्त मिली है। रायबरेली में मतगणना स्थल पर दिनेश प्रताप सिंह के भाई राकेश प्रताप सिंह ने विजयी प्रमाण पत्र लिया।
विज्ञापन

7 of 14
रतन पाल सिंह जीते - फोटो : अमर उजाला
जौनपुर में लगातार दूसरी बार बृजेश सिंह प्रिंसू एमएलसी बने हैं। उन्हें 3130 मत मिले हैं। पूर्व सांसद धनंजय सिंह के करीबी बृजेश को इस बार भाजपा ने प्रत्याशी बनाया था। वहीं, सपा के डॉ मनोज कुमार यादव को कुल 772 मत मिले हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉक्टर रतनपाल सिंह को 4255 वोट मिले। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ कफील खान को 1031वोट मिले। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ रतन पाल सिंह 3224 मतों से विजयी घोषित।

8 of 14
सुनील सिंह साजन। - फोटो : amar ujala
लखनऊ-उन्नाव एमएलसी सीट पर भाजपा के रामचंद्र प्रधान भारी मतों से जीते हैं। रामचंद्र प्रधान को 3487 वोट मिले, सपा के सुनील साजन बुरी तरह हार गए। 

1745 वोटों से जीतकर एमएलसी बने भाजपा के अंगद
बाराबंकी जिले में संपन्न हुए एमएलसी के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ने जीत परचम लहराया है। भाजपा प्रत्याशी अंगद कुमार सिंह ने सपा के राजेश यादव राजू को 1745 मतों से हरा दिया। अंगद कुमार सिंह को जहां 2272 मत प्राप्त हुए वहीं सपा प्रत्याशी राजेश यादव राजू को 527 मत मिले। निर्दलीय प्रत्याशी धीरज यादव को 7 वोटों से संतोष करना पड़ा। मतगणना के दौरान 21 मत अवैध घोषित किए गए। ऐसा पहली बार हुआ है कि आजादी के बाद भाजपा प्रत्याशी ने एमएलसी का चुनाव में जीत दर्ज की है। पिछली बार सपा प्रत्याशी राजेश यादव राजू एमएलसी निर्वाचित हुए थे। भाजपा प्रत्याशी की जीत के बाद उनके समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट स्थित डीआरडीए के बाहर सुबह 8 बजे से ही जमा हो गए थे।
 

9 of 14
भाजपा प्रत्याशी विजय शिवहरे (लाल कुर्ता में) - फोटो : अमर उजाला
भाजपा के विजय शिवहरे 3266 वोट से सपा के दिलीप सिंह को हराकर आगरा फिरोजबाद एलएलसी चुनाव जीत गए हैं। सपा के डॉ दिलीप सिंह को 205 वोट प्राप्त हुए हैं। प्रथम वरीयता के 1871 मत जीत के लिए विजयी प्रत्याशी को चाहिए थे। डीएम प्रभु एन सिंह के मुताबिक भाजपा को कुल 3471 मिले हैं। निर्दलीय हसनूराम अंबेडकरी को 12, प्रवीण कुमार को 30 और विमल कुमार को 22 वोट मिले हैं।
 

10 of 14
रविशंकर सिंह पप्पू को मिली बड़ी जीत - फोटो : अमर उजाला
बलिया में एमएलसी चुनाव की मतगणना खत्म हो गयी। यहां भाजपा प्रत्याशी रविशंकर सिंह 'पप्पू' ने 2259 मत प्राप्त कर लगातार चौथी बार जीत दर्ज की है। वहीं, सपा प्रत्याशी अरविन्द गिरी को 278 मत से संतोष करना पड़ा है। बता दे कि यहां 2577 वोट पड़े थे, जिसमें 40 मत प्रतिपेक्षित है।

प्रयागराज में बीजेपी के डॉ केपी श्रीवास्तव की जीत
इलाहाबाद-कौशांबी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ केपी श्रीवास्तव ने सपा प्रत्याशी और निवर्तमान एमएलसी वासुदेव यादव को करीब 1600  मतों से पराजित किया।

मेरठ में बीजेपी प्रत्याशी धर्मेंद्र भारद्वाज चुनाव जीते

मेरठ में भाजपा के धर्मेंद्र भारद्वाज ने एमएलसी के चुनाव में जीत हासिल की है। धर्मेंद्र भारद्वाज को 3708 वोट मिले वहीं कैंसिल वोटों की संख्या 119 रही। जिले में कुल 4040 वोट पड़े थे। गठबंधन से सुनील रोहटा को 227 वोटों के साथ संतोष करना पड़ा

11 of 14
मुरादाबाद से BJP प्रत्याशी सतपाल सैनी चुनाव जीते - फोटो : अमर उजाला
सीतापुर से बीजेपी प्रत्याशी पवन सिंह चौहान जीते
सीतापुर में भी कमल खिला है। यहां समाजवादी पार्टी को बुरी तरह हार मिली है। भाजपा के पवन सिंह ने जीत दर्ज की है। 3762 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह एमएलसी पद का चुनाव जीत गए हैं। सपा प्रत्याशी को मात्र 61 मत मिले हैं, जबकि 42 मत अवैध पाए गए।

गाजीपुर से बीजेपी प्रत्याशी विशाल सिंह चंचल जीते
गाजीपुर में भाजपा प्रत्याशी विशाल सिंह ने सपा के मदन सिंह यादव को हराकर जीत दर्ज की है। उनकी जीत से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। जनपद में एमएलसी चुनाव को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग गया। मतगणना में भाजपा के विशाल सिंह चंचल ने सपा के मदन सिंह यादव को पटखनी देकर दूसरे बार भी सीट पर कब्जा बरकरार रखा। मतगणना में विशाल सिंह चंचल को 2422 मत प्राप्त हुए। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के मदन सिंह यादव को 632 और 43 अवैध मत पड़े।

मुरादाबाद से BJP प्रत्याशी सतपाल सैनी चुनाव जीते
मुरादाबाद- बिजनौर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के सत्यपाल सैनी चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अजय मलिक को 5533 मतों के अंतर से पराजित किया। इस चुनाव में मुरादाबाद बिजनौर संभल और अमरोहा के 7747 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था ।  जिसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सतपाल सैनी को 6640 मत प्राप्त हुए। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अजय मलिक को कुल 1107 मत प्राप्त हुए। 114 मत निरस्त हुए।

12 of 14
जीत का जश्न मनाते हुए भाजपा प्रत्याशी - फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर से बीजेपी प्रत्याशी सीपी चंद चुनाव जीते
गोरखपुर-महराजगंज एमएलसी सीट से भाजपा के सीपी चन्द जीत गए हैं। सीपी चंद को 4839 वोट मिले हैं। वहीं सपा के रजनीश यादव को 407 वोट मिल सके। इसके अलावा 119 वोट रिजेक्ट हुए हैं।

फतेहपुर से BJP प्रत्याशी अविनाश सिंह चौहान जीते
कानपुर-फतेहपुर सीट पर भी कमल खिला है। यहां भाजपा के अविनाश सिंह को 4600 से अधिक वोट मिले हैं, जबकि सपा के दिलीप सिंह कल्लू यादव को मात्र 250 वोट प्राप्त हुए हैं। 

बरेली में बीजेपी प्रत्याशी महाराज सिंह चुनाव जीते।
बरेली सीट पर कमल खिला है। यहां भारतीय जनता पार्टी के महाराज सिंह ने जीत हासिल की है। उन्होंने सपा के प्रत्याशी को हराया। 
 

13 of 14
भाजपा प्रत्याशी सुभाष यदुवंश - फोटो : अमर उजाला।
सुल्तानपुर से BJP प्रत्याशी शैलेन्द्र प्रताप सिंह जीते
सुल्तानपुर-अमेठी विधान परिषद सीट से भाजपा के शैलेंद्र प्रताप सिंह विजयी हुए हैं। उन्होंने सपा प्रत्याशी शिल्पा प्रजापति को बड़े अंतर से पराजित किया। भाजपा के शैलेन्द्र प्रताप सिंह को 2481 मत मिले हैं वहीं सपा की शिल्पा प्रजापति को 1119 मत मिले। शैलेंद्र प्रताप सिंह पांचवीं बार एमएलसी निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अब तक छह बार चुनाव लड़ा, जिसमें पांच बार जीत हासिल की है।

बस्ती से बीजेपी प्रत्याशी सुभाष यदुवंश चुनाव जीते
बस्ती-सिद्धार्थनगर विधान परिषद चुनाव में भाजपा को जीत मिली है। भाजपा के सुभाष यदुवंश को 5267 वोट मिले हैं। वहीं, सपा के संतोष यादव सन्नी को 887 मत प्राप्त हुए। सुभाष यदुवंश ने 4280 वोटों से जीत दर्ज की है। भाजपाइयों में खुशी की लहर है।

फर्रुखाबाद सीट पर भी खिला कमल
फर्रुखाबाद से बीजेपी प्रत्याशी प्रांशु दत्त चुनाव जीत गए हैं। भाजपा प्रत्याशी प्रांशुदत्त द्विवेदी 3482 वोटों से जीत दर्ज की है। बीजेपी प्रत्याशी को 4139 वोट मिले। सपा प्रत्याशी को 657 मत प्राप्त हुए। जबकि निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र को 28 हासिल हुए। 
 
विज्ञापन

14 of 14
भाजपा प्रत्याशी रमा निरंजन - फोटो : अमर उजाला
एमएलसी चुनाव: भाजपा की रमा निरंजन ने दर्ज की जीत
विधान परिषद की झांसी- ललितपुर- जालौन सीट पर भाजपा प्रत्याशी रमा निरंजन ने जीत हासिल की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्यामसुंदर सिंह यादव को हराया। रमा को 2287 और श्यामसुंदर को 1513 वोट हासिल हुए। विदित हो कि 2016 में रमा सपा के टिकट पर विधान परिषद में पहुंची थी। 2021 में सपा छोड़ भाजपा में शामिल हो गई थी।

गोंडा से बीजेपी के अवधेश कुमार सिंह की जीत
गोंडा-बलरामपुर सीट पर मतों की गणना पूरी हो गई है। भाजपा के अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह ने सपा प्रत्याशी डा. भानु कुमार त्रिपाठी को 4401 मतों से पराजित किया है। भाजपा प्रत्याशी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह को  4572, सपा प्रत्याशी डा. भानु कुमार त्रिपाठी को सिर्फ 171 मत हासिल हुए। निर्दल प्रत्याशी आनंद स्वरूप यादव उर्फ पप्पू यादव को 17 मत मिले है। मतदान में 21 मत अवैध रहे।

अयोध्या में BJP प्रत्याशी हरिओम पांडे चुनाव जीते
फैज़ाबाद सीट पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। यहां भाजपा के हरिओम पांडेय ने 2724 वोट प्राप्त किए और सपा के हीरालाल को 
1044 मत मिले हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें