फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PHOTOS: जानिए उस पार्क की खूबियां, जिसे देखने आज सोनभद्र जाएंगी यूपी की राज्यपाल

Wed, 18 May 2022 03:18 PM IST
उत्पल कांत अमर उजाला नेटवर्क, सोनभद्र
विज्ञापन
1 of 6
आज सोनभद्र जाएंगी यूपी की राज्यपाल - फोटो : अमर उजाला
यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत आज सोनभद्र पहुंचेंगी। वह यहां आदिवासी परिवारों को वनाधिकार कानून के तहत पट्टे का प्रमाण पत्र देंगी। इससे पहले वह सलखन के फॉसिल्स पार्क का भी अवलोकन करेंगी। यह पहला मौका होगा जब किसी राज्यपाल के कदम दुनिया के सबसे बड़े और पुराने फॉसिल्स पार्क में पड़ेंगे।

राज्यपाल की अगवानी के लिए फॉसिल्स पार्क में तैयारियां जोरों पर रहीं। साफ-सफाई के अलावा सर्किट हाउस से सलखन तक सड़क मार्ग को दुरुस्त करने में अफसर मशगूल रहे। जिला मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर सलखन में 150 करोड़ वर्ष पुराने जीवाश्म ( फॉसिल्स) हैं।

करीब 24 हेक्टेयर में फैला यह दुनिया का सबसे बड़ा फॉसिल्स पार्क है। जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया ने इसकी खोज वर्ष 1933 में की थी। अमेरिका का यलो स्टोन पार्क भी इससे छोटा है। हालांकि समुचित संरक्षण व प्रचार-प्रसार के अभाव में सलखन फॉसिल्स पार्क को उतनी प्रसिद्धि नहीं मिल पाई है।
विज्ञापन

2 of 6
सलखन फासिल्स पार्क - फोटो : अमर उजाला
पूर्वांचल के ही ज्यादातर लोग इस पार्क की खूबियों से अनभिज्ञ हैं। आदिवासी बहुल जिले में यह पार्क पर्यटन रोजगार और तरक्की का बड़ा जरिया बन सकता है। इसकी भरपूर संभावनाएं भी हैं, मगर समुचित प्रोत्साहन के अभाव में यह नहीं हो पा रहा। पिछड़े जिले में पर्यटन को नए आयाम देने के लिहाज से सलखन फॉसिल्स पार्क में राज्यपाल के आगमन को बेहद अहम माना जा रहा है। 
विज्ञापन

3 of 6
सलखन फासिल्स पार्क - फोटो : अमर उजाला
राज्यपाल फॉसिल्स पार्क के अलावा इको प्वाइंट पर भी पहुंचेंगी, जहां से मारकुंडी घाटी के विहंगम दृश्य को निहारेंगी। इसी इको प्वाइंट को कभी पूर्व प्रधानमंत्री पं. नेहरू ने भारत के स्विट्जरलैंड की संज्ञा दी थी। तब वह चुर्क सीमेंट फैक्ट्री का उद्घाटन करने आए थे। रौंप स्थित पंचमुखी पहाड़ी पर भी राज्यपाल जाएंगी और वहां पंचमुखी महादेव के पूजन-अर्चन के अलावा प्राचीन भित्ति चित्रों को भी देखेंगी।

4 of 6
सलखन फासिल्स पार्क - फोटो : अमर उजाला
राज्यपाल के इस भ्रमण को जिले में पर्यटन के विकास के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज दोपहर बाद 3.20 बजे चंदौली जिले के नौगढ़ से रवाना होकर 3.40 बजे जिले के चुर्क पुलिस लाइंस स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगी। वहां से सीधे सर्किट हाउस जाएंगी। कुछ देर रुकने के बाद शाम 4.50 बजे सलखन फासिल्स पार्क रवाना होंगी। 
विज्ञापन

5 of 6
सलखन फासिल्स पार्क - फोटो : अमर उजाला
अगले दिन 19 मई को सुबह 9.40 बजे सेवाकुंज आश्रम कारीडाड चपकी के लिए रवाना होंगी। चपकी में वह शाम चार बजे तक रहेंगी। इस दौरान वह वनाधिकार पट्टों का वितरण, रेडक्रास सोसायटी के चेयरमैन को प्रमाण-पत्र, तीन सफाई कर्मियों को पुरस्कार व सफाई किट का वितरण करेंगी। तीन क्षय रोगियों के अभिभावकों को सहायता उपलब्ध कराएंगी। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेने के कार्यक्रम में भाग लेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
राज्यपाल की सुरक्षा में जिले के अलावा मिर्जापुर, भदोही, गाजीपुर, जौनपुर और बलिया के करीब चार एएसपी, 14 डिप्टी एसपी, 44 इंस्पेक्टर, 175 सब इंस्पेक्टर और 880 महिला और पुरुष आरक्षी तैनात किए जाएंगे। किस-किस प्वाइंट पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगेगी, इसे चिह्नित कर लिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें