शामली जनपद के कांधला में हुई पिता-पुत्र की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी अर्जुन का चालान कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि उसके पास से अवैध पिस्टल और मृतक भूपेंद्र की बाइक बरामद हुई है। पुलिस की अभी तक हुई पूछताछ में यह सामने आया है कि सिपाही विक्रांत को यकीन हो गया था कि भूपेंद्र को छोटे भाई की नौकरी के लिए दी रकम अब नहीं मिलेगी। जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया था।
मेरठ के कंकरखेड़ा की न्यू सैनिक विहार कॉलोनी निवासी भूपेंद्र पुत्र बिजेंद्र और उसके पुत्र अर्जुन की कांधला थाना क्षेत्र के मखमूलपुर गांव में बंधक बनाकर मारपीट करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव सल्फा गांव के जंगल में पड़े मिले थे। इस मामले में भूपेंद्र की मां सुरेश देवी की तहरीर पर मखमूलपुर निवासी यूपी पुलिस के सिपाही विक्रांत, भाई अर्जुन, पिता विरेंद्र, मां मुद्रेश पत्नी शिवानी और साथी मोनू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।