उत्तर प्रदेश के शामली में थानाभवन पुलिस द्वारा अनिल उर्फ पिंटू से बरामद की गई विदेशी एके-47 रायफल की एक्सपर्ट से जांच कराई जाएगी। एक्सपर्ट की जांच के बाद ही रायफल और मैगजीन के बारे में स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी।
एसएसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि गांव सदरूद्दीन नगर उर्फ माजरा निवासी अनिल उर्फ पिंटू से जो एक-47 रायफल बरामद हुई है, उस पर चाइनीज अक्षर गुदा है, जिससे उसके चाइनीज होने की संभावना है। इसके अलावा जो ड्रम मैगजीन बरामद हुई, उस पर मेड इन रोमानिया का टैग लगा है। रायफल व मैगजीन दोनों के विदेशी होने की संभावना के चलते इसकी जांच एक्सपर्ट से कराई जाएगी। एक्सपर्ट की जांच में पता चल सकेगा कि बरामद रायफल और मैगजीन कहां की निर्मित है।