Saharanpur News: नानौता में साली निलोफर की शादी में आए इरफान ने अपनी पत्नी गजाला की उस्तरे से गला काटकर हत्या कर दी। गजाला के भाई मोहम्मद चांद ने बताया कि इरफान अपनी शादी में कम दहेज देने की बात करता था, निलोफर की शादी में ज्यादा दहेज देने पर भड़का हुआ था।
विज्ञापन
1 of 6
गजाला की फाइल फोटो और हत्या के बाद घर के बाहर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नानौता कस्बे के मोहल्ला चाहमंजिली कोट में ससुराल में साली की शादी में आए कैराना के गुलशन नगर निवासी इरफान ने अपनी पत्नी गजाला (32) की उस्तरे से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद भी गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। मृतका के भाई का आरोप है कि उन्होंने दूसरी बहन को दहेज में बाइक दी थी, इससे जीजा नाराज था। इसी नाराजगी के चलते हत्याकांड को अंजाम दिया गया। घायल आरोपी को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
विज्ञापन
2 of 6
अस्पताल में बिलखते परिजन और एकत्र लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मोहल्ला चाहमंजिली कोट निवासी गजाला की शादी साल 2012 में इरफान के साथ हुई थी। इरफान पानीपत की फैक्टरी में काम करता था। 21 सितंबर को गजाला की बहन निलोफर की शादी में शामिल होने के लिए दंपती आया हुआ था। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे गजाला पहली मंजिल पर बने कमरे में गई। उसे अपने भाई शोएब के पंजाब जाने के लिए उसका बैग तैयार करना था।
विज्ञापन
3 of 6
अस्पताल में इरफान के भर्ती होने के बाद जांच करती टीम।
- फोटो : अमर उजाला
कमरे में इरफान और गजाला के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, तभी उसने गजाला के गले पर उस्तरे से वार कर दिया और खुद का भी गला काट लिया। चीख-पुकार सुनकर नीचे से परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे। वहां पर कमरे में दोनों खून से लथपथ पड़े थे। परिजन दोनों को लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने गजाला को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल इरफान को हायर सेंटर भेज दिया।
4 of 6
गजाला की फाइल फोटो और अस्पताल में इरफान।
- फोटो : अमर उजाला
मृतका गजाला के भाई मोहम्मद चांद ने आरोप लगाया कि निलोफर को दहेज में बाइक देने से जीजा ने नाराजगी जताई थी और खुद को कम दहेज मिलने का उलाहना भी दिया था। अकसर गजाला के साथ मारपीट की जाती थी, जिस कारण गजाला करीब आठ माह तक मायके में रही थी। दंपती के बच्चे भी नहीं हैं।
विज्ञापन
5 of 6
पोस्टमार्टम हाउस पर गजाला के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
ये बोले सीओ
प्राथमिक जांच में वारदात की वजह पारिवारिक विवाद सामने आया है। दंपती के बीच अकसर झगड़ा रहता था। फिलहाल कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। - शैलेंद्र प्रताप गौतम, सीओ
12 साल पहले पानीपत जाकर बस गया था इरफान और उसका परिवार
कैराना के गुलशननगर का रहने वाला इरफान अपने परिवार समेत 12 साल पहले पानीपत के औद्योगिक क्षेत्र में जाकर बस गया था। उसके चचेरे भाई वसीम ने बताया कि 12 साल पूर्व ही इरफान के पिता उमरदराज की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इरफान पहले से ही पानीपत में फैक्टरी में काम करता था। पिता की मौत के बाद वह परिवार समेत वहीं जाकर रहने लगा था। वह कैराना में कभी नहीं आता था। उधर, शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच सहारनपुर पुलिस ही कर रही है।