पंजाब में गुरदासपुर जिले के कलानौर थाने की बख्शीवाल पुलिस चौकी पर ग्रेनेड फेंकने वाले तीन खालिस्तानी आतंकियों को पंजाब और पीलीभीत पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में मार गिराया। आतंकियों से मुठभेड़ पूरनपुर थाना क्षेत्र में हरदोई ब्रांच नहर पुल से माधोटांडा मार्ग पर सोमवार सुबह हुई। इसमें दो सिपाही घायल हुए हैं। पूरनपुर थानाध्यक्ष की गाड़ी पर भी तीन गोलियां लगी हैं। आतंकियों के पास से दो एके-47, दो विदेशी पिस्टल और चोरी की एक बाइक बरामद हुई है। उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा कि, आतंकी यहां कब आए थे, कहां रुके थे और उनके स्थानीय कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। आतंकियों की पहचान गुरविंदर सिंह (25), वीरेंद्र सिंह उर्फ रवि (23) और जसन प्रीत सिंह उर्फ प्रताप सिंह (18) के रूप में हुई है। तीनों गुरदासपुर जिले के रहने वाले थे।