फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: दफ्तर में पिटते रहे सचिव... जान बचाकर भाग गए कर्मचारी, 20 मिनट तक मनमानी करते रहे हमलावर; बचाने न आई पुलिस

Tue, 29 Jul 2025 02:13 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

मुरादाबाद में मंडी समिति सचिव के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। हमलावरों ने मंडी सचिव को दफ्तर बंद कर तोड़फोड़ भी की। इसके साथ ही डीवीआर ले गए। अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई से पैदा हुई नाराजगी घटना की वजह बनी है।
विज्ञापन
1 of 14
मुरादाबाद में मंडी समिति सचिव संजीव कुमार जानकारी देते हुए - फोटो : अमर उजाला
मुरादाबाद में मंडी समिति परिसर में अतिक्रमण हटाने की कवायद में लगे सचिव संजीव कुमार के साथ सोमवार को जमकर मारपीट की गई। दिन में करीब 12 बजे कार्यालय में दाखिल हुए लोगों ने शोरशराबे के बीच उन्हें घेर लिया और कमरे में बंद कर तोड़फोड़ की। 

उपद्रवियों ने सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर डीवीडी भी कब्जे में ले ली। आरोप है कि भाजपा के नगर विधायक रितेश गुप्ता के साथ मंडी परिसर पहुंचे समर्थकों ने वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में सचिव ने तहरीर दी है। विधायक रितेश का कहना है कि मारपीट की बात गलत है। वह समर्थकों के साथ बातचीत करने गए थे।

पूरे घटनाक्रम के केंद्र में है मंडी समिति परिसर में चल रही अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई। लाइसेंसी आढ़तियों में से कुछ ने दुकानों के आगे शेड आदि बनाकर अतिक्रमण कर लिया है। मंडी सचिव संजीव कुमार ने इस तरह की कोशिशों को रुकवाते हुए सख्ती शुरू की है।
विज्ञापन

2 of 14
मुरादाबाद में मंडी सचिव की पिटाई के बाद माैजूद लोग - फोटो : अमर उजाला
पिछले दिनों कुछ स्थानों पर शेड भी हटवाए गए थे। मंडी प्रशासन की इस कवायद से परिसर के कुछ आढ़तियों और दुकानदारों में नाराजगी है। असंतुष्ट व्यापारी राजनीतिज्ञों व जनप्रतिनिधियों तक भी अपनी बात पहुंचा चुके हैं। मंडी सचिव ने बताया कि सोमवार दिन में करीब 12 बजे वह अपने कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान वहां कुछ लाइसेंसी आढ़ती और दुकानदार पहुंचे।
विज्ञापन

3 of 14
मुरादाबाद में मंडी सचिव की पिटाई के बाद माैजूद कर्मचारी - फोटो : अमर उजाला
इनमें से एक व्यक्ति ने फोन निकाल कर विधायक रितेश गुप्ता को कॉल लगा दी। विधायक के फोन लाइन पर आते ही सचिव ने बातचीत शुरू कर दी। सचिव का कहना है कि उन्होंने समझाया कि मंडी में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। इस पर विधायक ने उनके साथ गाली गलौज की। 

मुरादाबाद में मंडी सचिव की पिटाई: परिसर में पुलिस तैनात, अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई, घेरे में भाजपा विधायक

4 of 14
मुरादाबाद में मंडी सचिव की पिटाई के बाद माैजूद कर्मचारी - फोटो : अमर उजाला
मंडी में आकर सबक सिखाने की धमकी दी। सचिव के मुताबिक करीब आधा घंटे बाद उनके कार्यालय में 10-15 लोग आ धमके। इन लोगों ने दरवाजा बंद कर लिया और उनके साथ मारपीट की। इस बीच लात मारकर उनकी कुर्सी गिरा दी और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इसके बाद सभी धमकी देते हुए चले गए। 
विज्ञापन

5 of 14
मुरादाबाद में मंडी सचिव की पिटाई के बाद माैजूद कर्मचारी - फोटो : अमर उजाला
मंडी समिति के सचिव संजीव कुमार पर उपद्रवियों ने हमला किया तो कर्मचारी अपनी जान बचाकर भाग गए। 20 मिनट तक हमलावर उनके कार्यालय में तांडव मचाते रहे लेकिन चंद कदमों की दूरी पर पुलिस चौकी होने के बावजूद उन्हें न तो पुलिसकर्मी बचाने आए और न ही किसी हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की गई।
विज्ञापन

6 of 14
मुरादाबाद में मंडी सचिव की पिटाई - फोटो : अमर उजाला
मंडी समिति परिसर में सोमवार की दोपहर 12 बजे एक के साथ एक कई गाड़ियां पहुंचीं। इन गाड़ियों से उतरे लोग सीधी सचिव संजीव कुमार के कार्यालय में पहुंचे। बताया जा रहा है कि भीड़ में सरकारी गनर भी मौजूद था। भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने लात मारकर संजीव को कुर्सी से गिरा दिया। इसके बाद उपद्रवियों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। कार्यालय की कुर्सियां तोड़ दी और कांच भी तोड़ दिए। 
विज्ञापन

7 of 14
मुरादाबाद में मंडी सचिव की पिटाई पहुंचे अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
इस घटना से उनके कार्यालय में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों भी अपनी जान बनाकर वहां से भाग निकले। करीब 20 मिनट तक कार्यालय में हंगामा होता रहा। हमलावरों ने उन्हें धमकी दी कि जहां चाहो वहां शिकायत कर देना। हमारा कुछ नहीं होगा। इसी दौरान कार्यालय के बाहर मंडी सब्जी की आढ़त लगाने वाले लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

8 of 14
मुरादाबाद में मंडी सचिव की पिटाई - फोटो : अमर उजाला
कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी होने के बाद बावजूद न तो हमलावर पकड़े गए और न ही किसी ने सचिव को बचाने का प्रयास किया। हमलावरों के जाने के बाद सचिव संजीव कुमार ने अपने कार्यालय में ताला लगा दिया और सीधे डीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता फोर्स लेकर पहुंच गए। 

9 of 14
मुरादाबाद के मंडी परिसर में तैनात पुलिस - फोटो : अमर उजाला
कार्यालय खोलकर देखा तो कुर्सियां टूटी पड़ी थीं और फर्श पर कांच बिखरे थे। पुलिस ने कर्मचारियों को थाने बुलाकर उनके बयान दर्ज किए। कर्मचारियों ने भी सचिव के साथ मारपीट की बात कही लेकिन किसी ने भी घटना में शामिल लोगों की पहचान होने से इनकार कर दिया।

10 of 14
मुरादाबाद में मंडी सचिव की पिटाई के बाद अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
तीन माह पहले मंडी समिति में धरने पर बैठे थे विधायक 
तीन माह पहले जिला प्रशासन ने मंडी समिति में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। इस दौरान टीम बुलडोजर लेकर मंडी समिति पहुंची थी और अवैध कब्जा हटवाया था। इसकी जानकारी मिलने पर भाजपा विधायक रितेश गुप्ता मौके पर पहुंच गए थे और उन्होंने कार्रवाई पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा कि पहले मंडी समिति में पक्की दुकानें बनाई जाए तब अतिक्रमण हटाया जाए। करीब 44 एकड़ जमीन में फैली मंडी समिति में 258 दुकानें हैं लेकिन मौके पर 500 से ज्यादा स्थायी और अस्थायी दुकान हैं। इन दुकानों को लेकर ही विवाद चल रहा है।  

11 of 14
मुरादाबाद में मंडी परिसर से अतिक्रमण हटाया गया - फोटो : अमर उजाला
भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के नाम भी हैं दुकानें
मंडी समिति में अतिक्रमण हटाने विवाद लंबे समय से चल रहा है लेकिन पूरी तरह से अतिक्रमण नहीं हटवा रहा है। मंडी समिति और जिला प्रशासन कार्रवाई करता तो विरोध शुरू हो जाता है। बताया जा रहा है कि लाइसेंसी आढ़ती में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी शामिल हैं। इनके नाम पर या फिर इनके करीबी और रिश्तेदारों के नाम पर आढ़ती के लाइसेंस हैं।

12 of 14
मंडी सचिव के दफ्तर में लगे कैमरा को ढक दिया गया - फोटो : अमर उजाला
मंडी समिति में कुछ लोग अतिक्रमण कर रहे हैं। उन्हें अतिक्रमण करने से रोका गया था। एक व्यक्ति ने फोन से विधायक से बात कराई। विधायक ने मेरे साथ गाली गलौज की और कार्यालय में आकर पीटने की धमकी दी। कुछ देर बाद 10 से 15 लोग आए और मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। मैं कुछ दिन पहले ही ट्रांसफर होकर मुरादाबाद आया हूं। इसलिए चेहरे से किसी को नहीं पहचानता हूं। - संजीव कुमार, सचिव, मंडी समिति

13 of 14
मुरादाबाद में मंडी परिसर से अतिक्रमण हटाया गया - फोटो : अमर उजाला
मंडी समिति के सचिव संजीव कुमार ने कुछ लोगों पर मारपीट करने और कैमरे तोड़ने का आरोप लगाया है। शिकायत की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। - कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी
विज्ञापन

14 of 14
मुरादाबाद में मंडी परिसर से अतिक्रमण हटाया गया - फोटो : अमर उजाला
मंडी सचिव ने तहरीर दी है। तहरीर में किसी का नाम नहीं लिखा है। कहा गया है कि एक व्यक्ति गनर के साथ आया था। सचिव ने अनधिकृत कब्जे का विरोध किया था। इसी बात को लेकर घटना हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है। पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। - अनुज सिंह, डीएम

Moradabad: दफ्तर में जाकर मंडी सचिव को पीटा, सीसीटीवी कैमरे तोड़े, विधायक और समर्थकों पर आरोप

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें