शादी के 22 दिन बाद ही महिला दरोगा कोमल की दुनिया उजड़ गई। बीती 30 अप्रैल को कोमल की शादी शशांक कुमार के साथ हुई थी। शशांक भी उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में थे। शादी के बाद शशांक कोरोना की चपेट में आ गए थे। उनका दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शशांक कुमार पुत्र विरेंद्र सिंह मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के डालमपुर गांव के रहने वाले थे। उधर, शशांक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि दरोगा शशांक की शादी 30 अप्रैल को बागपत के लौहड्डा गांव निवासी महिला दरोगा कोमल से शादी हुई थी। शशांक ने हाल ही में ट्रेनिंग पूरी की थी। वहीं शशांक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, पत्नी कोमल संक्रमित होने की वजह से होम आइसोलेशन में हैं। पुलिस के अनुसार शशांक का छोटा भाई निशांत भी दिल्ली पुलिस में तैनात है।