मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर में शुक्रवार दोपहर को एक मस्जिद की दूसरी मंजिल की दीवार भरभरा कर गिर गई। मस्जिद की दीवार गिरने से नमाज पढ़ रहे 25 लोग दब गए। वहीं घायलों की चीख-पुकार मची तो आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। हादसे में दो लोगों की मौत और 15 घायल हुए हैं।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर स्थित मोहमदी मस्जिद है। यहां शुक्रवार को मस्जिद की दूसरी मंजिल की एक दीवार अचानक गिर गई। दीवार उस समय गिरी, जब नमाज का समय था। करीब 45 से अधिक लोग नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद में पहुचे थे। इस दौरान मस्जिद में नमाज पढ़ने वाले लोग दीवार के मलबे की चपेट में आ गए। सूचना पर लिसाड़ीगेट और अन्य कई थानों की पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। इसके अलावा एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची और घायलों को आसपास पहुंचाया। सभी घायलों को हापुड़ रोड सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया।