सहारनपुर में बारिश व ओलावृष्टि से सर्दी का सितम और अधिक बढ़ गया है। छुटमलपुर, साढौली कदीम, बेहट, चिलकाना और गागलहेड़ी में जमकर ओलावृष्टि हुई। बारिश व तेज हवा से बिजली लाइनों में जगह-जगह फाल्ट हुए तो जिलेभर की बिजली आपूर्ति चरमरा गई। वहीं, तापमान में भी गिरावट हुई। फसलों को नुकसान हुआ।
बुधवार की आधी रात मौसम ने करवट ली। इसके बाद बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो बृहस्पतिवार को जारी रहा। शहर से लेकर देहात तक तेज हवा के साथ बारिश हुई। चिलकाना क्षेत्र के सुल्तानपुर, धोलाहेड़ी, पठेड, नथमलपुर, रघुनाथपुर, पंचकुआ, आल्हनपुर, सोंधेबांस, रावणपुर, टोडरपुर, पाजबांगर, दानतपुर, दौलतपुर, दभेड़ा कला, मंझार, फिरोजाबाद, अहाड़ी, अब्दुल्लापुर, बड़गांव आदि गांवों में भारी ओलावृष्टि हुई।