मेरठ के गंगानगर में जेजी ब्लॉक में 11 साल की बेटी चंचल को भोला झाल (गंगनहर) में फेंकने के मामले में रविवार को एनडीआरएफ (नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फॉर्स) टीम ने घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की मौजूदगी में सुबह से शाम तक अभियान जारी रहा, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार को भी सुबह से ही टीम शव की तलाश में जुट गई। वहीं, पुलिस ने चंचल की मां को सख्त पहरे में रखा है।
पुलिस के अनुसार बेटी की हत्या के बाद मां बार-बार बेहोश होने का नाटक करती रही लेकिन पुलिस को सच नहीं बताया। माता-पिता दोनों ही पहले बयान बदल- बदलकर पुलिस को गुमराह करते रहे। इसके बाद बेटे आरव ने जब यह बताया कि दीदी को मम्मी-पापा ही अपने साथ लेकर गए थे तो पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने दंपती से सख्ती से पूछताछ की तो वे टूट गए और इस वारदात का पूरा सच उगल दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि कैसे एक मामूली बात पर उन्होंने अपनी लाड़ली को अपने हाथों नहर में फेंक दिया और फिर आंखों के सामने उसे डूबकर मरते हुए देखते रहे।