फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का मेरठ से है खास कनेक्शन, 52 साल बाद न्योता

Sun, 11 Aug 2019 12:58 PM IST
Dimple Sirohi सचिन त्यागी, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
1 of 5
अजीत डोभाल
देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजीत डोभाल 52 साल बाद अपने पुराने मेरठ कॉलेज में शिरकत करेंगे। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35ए हटाने के बाद वहां हालात सामान्य बनाने में अहम भूमिका निभा रहे अजीत डोभाल को कॉलेज प्रशासन और प्रबंध तंत्र अक्तूबर में होने वाली रक्षा अध्ययन विभाग की सेमिनार में मुख्य अतिथि के तौर पर बुला रहा है। 

वेस्ट यूपी के सबसे पुराने मेरठ कॉलेज की स्थापना सन 1892 में हुई थी। 125 साल पूरे करने वाले मेरठ कॉलेज के पुरातन छात्रों की सूची में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह से लेकर तमाम अधिकारी, बिजनेसमैन शामिल हैं। अजीत डोभाल भी मेरठ कॉलेज के पुरातन छात्र रहे हैं। सन 1967 में उन्होंने मेरठ कॉलेज से एमए (अर्थशास्त्र) किया था।
विज्ञापन

2 of 5
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल - फोटो : facebook
वह उस समय सीताराम हॉस्टल में रहते थे। उन्होंने कॉलेज में टॉप किया तो उस वक्त यहां पर अव्वल आने वाले पीजी के छात्रों को प्रोफेसर रख लिया जाता था। लेकिन इस बीच अजीत डोभाल का भारतीय पुलिस सेवा में चयन हो गया। जिसके बाद वे ट्रेनिंग पर चले गए। 

भारत की अंतर्राष्ट्रीय गुप्तचर संस्था रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) में लंबे समय तक रहे अजीत डोभाल इसके बाद कॉलेज नहीं आए। मेरठ कॉलेज का नाम रोशन करने वाले अजीत डोभाल को कॉलेज प्रशासन अब अक्तूबर में रक्षा अध्ययन विभाग में होने वाली सेमिनार में मुख्य अतिथि के तौर पर बुला रहा है। इस सेमिनार का विषय ‘मोदी काल में भारतीय विदेश नीति दशा एवं दिशा’ है।
विज्ञापन

3 of 5
थल सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत - फोटो : अमर उजाला
पुरातन छात्रों की है लंबी सूची
सेनाध्यक्ष बिपिन रावत, जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल सिंह, आईआईटी दिल्ली के पूर्व डायरेक्टर पद्मश्री डॉ. आरएस सिरोही, टीआईएफटी मुंबई के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह, बिट्स गोआ के डायरेक्टर डॉ. टीसी गोयल, रिटायर्ड वाइस एयर मार्शल केके जैन, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल जेएस भटनागर, डीआरडीओ के डायरेक्टर रहे पीसी मांगलिक, इंटेलीजेंस ब्यूरो के पूर्व निदेशक केपी सिंह के अलावा कई उच्चपदस्थ अधिकारी मेरठ कॉलेज के पुरातन छात्र रहे हैं।

न्यायिक क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों की सूची तो काफी लंबी है। रक्षा अध्ययन विभाग के प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार बताते हैं कि डिस्ट्रिक कमांडर इन चीफ स्ट्रेजिक फोर्स कमांड लेफ्टिनेंट जनरल जेएस नेगी, चीफ इंस्ट्रक्टर इन्फैंट्री स्कूल मऊ इंदौर मेजर जनरल ओपी गुलिया और मास्टर जनरल आर्डिनेंस लेफ्टिनेंट जनरल आरआर निंबोरकर वर्तमान में कॉलेज के रक्षा अध्ययन विभाग से रिसर्च कर रहे हैं। उनको भी सेमिनार में निमंत्रण दिया जाएगा।

4 of 5
अजीत डोभाल - फोटो : अमर उजाला
सोशल साइट पर पुरातन छात्र कर रहे फोटो शेयर 
मेरठ कॉलेज के सीताराम हॉस्टल के पुराने रिकॉर्ड से दो दिन पहले साल 1966-67 की एक फोटो प्राप्त हुई है। इसमें अजीत डोभाल अपने सहपाठियों के साथ ग्रुप फोटो में पहली लाइन में तीसरे स्थान पर बैठे हैं। उनको हॉस्टल में डिप्टी सीनियर बनाया गया था। इस फोटो को मेरठ कॉलेज के पुरातन छात्र-छात्राएं सोशल साइट पर खूब शेयर कर रहे हैं। 

मेरठ कॉलेज के छात्र कश्मीर में हीरो... देश का नाम कर रहे रोशन, जैसे मेसेज इस फोटो के साथ वायरल हो रहे हैं। लंबे समय से राजनीति से जुड़े शिक्षक डॉ. राजकुमार सांगवान बताते हैं कि मेरठ कॉलेज के छात्रों को ऐसे पुरातन छात्रों से सीख लेनी चाहिए। प्राचार्या डॉ. संगीता गुप्ता ने बताया कि पुरातन छात्रों की दूसरी सूची को अपडेट कराया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
अजीत डोभाल
निमंत्रण देने मैं स्वयं जाऊंगा
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को कॉलेज में मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाने के लिए मैं स्वयं उनको निमंत्रण देने जाऊंगा। यहां के छात्र-छात्राओं को पता चलना चाहिए कि कॉलेज के पुरातन छात्र देश में कितना बड़ा काम कर रहे हैं। हम उनको बुलाने के लिए प्रयासरत हैं। -सेठ दयानंद गुप्ता, सचिव मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें