नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता, गाली गलौज और धक्कामुक्की करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ ने मेरठ से श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी की तलाश में मेरठ में मेडिकल थानाक्षेत्र में सोमवार देर रात भी दबिश दी थी। पुलिस ने बताया कि उसके एक रिश्तेदार मेडिकल क्षेत्र के लखमी विहार में रहते हैं। हालांकि पुलिस दबिश में उसका कोई सुराग नहीं लगा था। नोएडा पुलिस ने श्रीकांत पर 25,000 का इनाम रखा हुआ था।
आज सुबह नोएडा पुलिस ने उसे परतापुर थानाक्षेत्र से तीन साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी खुद गाड़ी चलाकर मेरठ से गुजर रहा था। वह अपने किसी करीबी के घर में छिपा था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। थोड़ी देर में नोएडा पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। पुलिस कमिश्रनर आलोक सिंह ने श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि श्रीकांत त्यागी को मेरठ से नोएडा लाया जा रहा है।