फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक प्रेम कहानी ऐसी भी: इकलौते बेटे को खोकर दर्द में डूबी मां ने गर्लफ्रेंड का किया कन्यादान, हर पहलू मार्मिक, हर किरदार है अनोखा

Thu, 19 May 2022 03:54 PM IST
Dimple Sirohi अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
विज्ञापन
1 of 9
शैंकी का फाइल फोटो व उसकी मां - फोटो : amar ujala
शैंकी की मौत के गम में उसकी प्रेमिका जीना ही भूल गई थी। गुमसुम, उसके ख्यालों में खोई प्रेमिका को अपने भविष्य में अंधेरे के अलावा कुछ नजर नहीं आ रहा था। इस कहानी में एक तरफ मां थी, जो बेटे की मौत के दर्द में बारहा बिखर रही थी। मां जिसने उसे न सिर्फ जन्म दिया था, बल्कि लाड़-प्यार से पाला था, तो दूसरी तरफ शालू (बदला हुआ नाम) जिसने शैंकी के साथ न सिर्फ जीने-मरने की कसमें खाईं, बल्कि उसे शिद्दत से चाहा भी, लेकिन अफसोस कि मोहब्बत मुकम्मल न हो सकी। युवती के घरवालों ने उसके प्रेमी की निर्मम हत्या कर दी।

12 दिसंबर, 2018 दिन बुधवार को अलसुबह मेरठ में एक युवक की हत्या कर कार समेत जला दिया गया। पुलिस जांच पड़ताल के बाद युवक की पहचान मवाना थानाक्षेत्र के जंघेड़ी निवासी संजीव उर्फ शैंकी के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की छानबीन की तो एक के बाद एक हत्या की तहें खुलती चली गईं। हत्या के पीछे सामने आई एक ऐसी प्रेम कहानी, जिसकी सुखद शुरुआत हुई, लेकिन अंत एक ऐसी कहानी पर हुआ जिसकी उम्मीद मुश्किल ही की जाती है:-
विज्ञापन

2 of 9
शैंकी की मां का सहारा देने रह रही रिश्तेदार युवती - फोटो : amar ujala
शालू के सपने संजीव के साथ जलकर खाक हो गए, तो मां की दुनिया लुट गई। शालू ने अपना घरबार छोड़कर संजीव की मां का दामन थाम लिया। उन्हें सहारा देने के लिए उनके साथ रहने लगी। मां दर्द के दलदल में फंसी थीं लेकिन उन्होंने शालू को इससे निकाल दिया।

यह एक ऐसी कहानी है जो फिल्मी नहीं वास्तविक दुनिया की है। इसका हर पहलू मार्मिक है। हर किरदार अनोखा है। एक लड़की है जो अपने प्यार को खोकर उसकी मां का हाथ थाम लेती है। एक बेमिसाल मां है जिसका फूल सा बेटा ऑनर किलिंग का शिकार हो गया। मां ने उसकी प्रेमिका को बेटी बनाकर कन्यादान किया। खुद दर्द के दलदल में धंस गईं लेकिन उसकी गर्लफ्रेंड की जिंदगी संवार दी।
विज्ञापन

3 of 9
शैंकी का फाइल फोटो - फोटो : amar ujala
झूठी शान ने मां से छीन लिया इकलौता बेटा
शैंकी अपनी मां का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन थी। वह छह माह का था तभी पिता का देहांत हो गया। मां ने अकेले ही बच्चों की परवरिश की। शैंकी मेरठ के पल्लवपुरम में अपनी एक रिश्तेदारी में रहकर पढ़ाई कर रहा था। यहां उसे दूसरी बिरादरी की युवती शालू (बदला हुआ नाम) से मोहब्बत हो गई।

दोनों का प्यार परवान चढ़ा लेकिन चंद ही दिनों में इस प्रेमकहानी में कई दुखद कड़ियां जुड़ती चली गईं। झूठी शान और प्रतिष्ठा के नाम पर एक पिता और भाई ने अपनी बेटी की जिंदगी उजाड़ दी।

4 of 9
कार में रखकर जला दिया था शव - फोटो : amar ujala
युवती ने प्रेमी के लिए ठान ली पिता और भाई से बगावत  
शालू के पिता और भाई ने प्रेम-संबंध का विरोध किया लेकिन दोनों ने मिलना जारी रखा। इसके कुछ ही दिन बाद भाई और पिता ने मिलकर शैंकी की हत्या कर उसके शव को कार समेत जला डाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया लेकिन इसमें एक नया मोड़ आ गया। 

यह भी पढ़ें:  बेसबब: गांव की युवती को कोठे पर देख हैरान रह गया युवक, प्यार में देह व्यापार के दलदल से निकाली प्रेमिका, दिल छूं लेंगी ये कहानियां
विज्ञापन

5 of 9
इस हाल में मिला था शैंकी का जला शव - फोटो : amar ujala
भरी भीड़ में किया प्रेमी के घर जाने का एलान
प्रेमिका अपना घर छोड़कर शैंकी के परिजनों के साथ चली गई और भरी भीड़ में एलान कर दिया कि उसने जीवन भर शैंकी के साथ रहने, साथ जीने मरने की कसम खाई थी। अब वह उसकी विधवा बनकर रहेगी। उसकी मां का खयाल रखेगी।

इस वारदात के बाद युवती अपने पिता और भाई के खिलाफ बगावत पर उतर आई। कहा कि जब तक शैंकी के हत्यारों को कठोर सजा नहीं दिला दूंगी, तब तक चैन की सांस नहीं लूंगी और शैंकी की मां को इंसाफ दिलाकर रहूंगी।
विज्ञापन

6 of 9
इस हाल में मिला था शैंकी का जला शव - फोटो : amar ujala
शादी की कर रहे थे तैयारी
मीडिया से बातचीत में युवती ने बताया कि वह शैंकी को पांच साल से जानती थी। दोनों नवरात्रि के दौरान शादी करना चाहते थे। लेकिन परिजनों ने धमकी दी थी कि अगर तूने शैंकी से शादी की तो दोनों को मार देंगे।

युवती ने कहा कि मुझे यह अंदाजा नहीं था कि मेरे पिता और भाई शैंकी की हत्या कर मेरे साथ इतना बड़ा धोखा करेंगे। दोनों नवरात्रि में शादी करने वाले थे। लेकिन अफसोस कि उसके प्यार को मंजिल न मिल सकी। 
विज्ञापन

7 of 9
बेटे की तस्वीर के साथ बेबस मां - फोटो : amar ujala
बेटे की प्रेमिका को बेटी बनाकर किया कन्यादान
छह जुलाई 2019 को इस प्रेम कहानी ने एक ऐसा मोड़ लिया कि हर किसी को भावुक कर दिया और समाज के लिए मिसाल पेश की।

23 वर्षीय इकलौते बेटे को ऑनर किलिंग में खोने के बावजूद शैंकी की मां ने उसके प्यार को नई जिंदगी दी। इसी वर्ष छह जुलाई को मां विरमवती ने अपनी रिश्तेदारी में उसकी शादी कर दी।

8 of 9
रिश्तेदार युवती - फोटो : amar ujala
शैंकी को बचाने की गुहार लगाती रही थी शालू
विरमवती बताती हैं, सीधा बच्चा था मेरा शैंकी, उसके प्यार के बारे में मुझे पता था। जाति अलग थी पर मैं शादी के लिए तैयार थी। शुरुआत में लड़की के घरवाले भी तैयार थे। शैंकी उनके घर आता-जाता भी था।

6 दिसंबर 2018 को शैंकी शालू से मिलने पल्लवपुरम स्थित उसके घर गया। वहां शालू के पिता और भाइयों ने उसकी हत्या कर दी। शालू शैंकी को छोड़ने की गुहार लगाती रही लेकिन घरवालों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। हत्या कर शव को ललसाना के जंगल में ले जाकर कार समेत जला दिया गया। फिलहाल शैंकी के हत्यारोपी पिता-पुत्र जेल में हैं।
विज्ञापन

9 of 9
शैंकी का फाइल फोटो व उसकी मां - फोटो : amar ujala
बेटा! तेरे आगे पूरी जिंदगी पड़ी है
वह बताती हैं कि बेटे के जाने के बाद जीने की उम्मीद ही टूट गई। शालू जिद करने लगी कि मैं आपके साथ रहकर आपकी सेवा करूंगी। कुछ महीने मेरे पास रही। बाद में मैंने उसे समझाया कि बेटा! तेरे आगे पूरी जिंदगी पड़ी है। शालू से शादी को लेकर बात की। उसे कहा कि हमारी रिश्तेदारी में एक लड़का है। युवक से बात की तो उसने कहा कि मैं शालू का हाथ थामने को तैयार हूं। 

इसके बाद शालू भी मान गई। मैंने उसका कन्यादान किया। उसे बेटी मानकर अपनी चौखट से विदा किया। वह सब किया जो एक मां का फर्ज होता है। आज भी उसके मान-सम्मान के लिए तैयार हूं। कभी-कभी मिलने आती है। मेरा बेटा तो चला गया। दुख के सिवाय कुछ बचा नहीं। मैं नहीं चाहती थी कि शालू की जिंदगी दर्द में बीते। कहते-कहते उनकी आंखों से आंसू छलक आते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें