मेरठ के भामाशाह पार्क में आयोजित अंडर -19 कूच बिहार ट्रॉफी में यूपी ने केरल को 146 रन से मात देकर मैच जीत लिया। यूपी के गेंदबाज विराट जायसवाल ने 4 विकेट और नमन तिवारी ने 2 विकेट लिए। मंगलवार को मैच के अंतिम दिन यूपी ने बिना बल्लेबाजी किए आठ विकेट खोकर 250 रन के स्कोर पर ही पारी घोषित कर दी।
पहली पारी में 103 रन की लीड के आधार पर यूपी ने केरल को 353 का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछे करने उतरी केरल की टीम ने रक्षात्मक तरीके से बल्लेबाजी की, लेकिन यूपी के गेंदबाजों के सामने उनकी एक न चली। विराट जायसवाल ने 4 विकेट और नमन तिवारी व आसिफ अली ने 2-2 विकेट लिए।
नमन व आसिफ ने दोनों पारी में 5-5 विकेट लिए। यूपी के गेंदबाजों की बदौलत 81.4 ओवर में केरल 207 रन पर ही सिमट गई। यूपी ने 146 रन से जीत दर्ज कर कूच बिहार ट्रॉफी में जीत से आगाज किया। केरल के बल्लेबाज कामिल ने सर्वाधिक 65 रन की पारी खेली, जबकि कृष्णा ने 28 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: Murder: विवाहित बहन और उसके प्रेमी की बेरहमी से हत्या, आरोपी भाई बोला-बहुत बदनामी हो रही थी, मार डाला
ट्रॉफी का यह पहला ही मैच था, जबकि दूसरा मैच 12 नवंबर को बरेली में नागालैंड के साथ होना है। इस जीत के साथ यूपी के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा। यूपीसीए निदेशक डॉ. युद्धवीर सिंह, एमडीसीए सचिव सुरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, बीसीसीआई पिच क्यूरेटर रविंद्र चौहान, डॉ. योगेश कुमार ने टीम को बधाई दी।