पूर्व मंत्री हाजी याकूब, पत्नी संजीदा, बेटे इमरान और फिरोज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने रविवार को कई ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस ने परिवार के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर ले रखे हैं। एसएसपी ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि याकूब परिवार गिरफ्तारी नहीं देता है, तो उनकी कुर्की की कार्रवाई जल्द की जाएगी। उधर, शासन में बैठे आला अधिकारी भी लगातार कार्रवाई का अपडेट ले रहे हैं।
मेरठ विकास प्राधिकरण ने पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की हापुड़ रोड स्थित फैक्टरी अल फहीम मीटैक्स प्राइवेट लिमिटेड के ध्वस्तीकरण की तैयारी कर ली है। इसके लिए याकूब से 15 दिन में जवाब मांगते हुए ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी कर दिया है। अगले 15 दिन के अंदर याकूब कुरैशी को संबंधित जोनल अधिकारी के सामने पेश होकर जवाब देना होगा। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।