मेरठ में पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी, उनकी पत्नी संजीदा बेगम, बेटे इमरान, फिरोज समेत सात लोगों पर पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने याकूब की अवैध संपत्ति चिह्नित की है। इसे जब्त किया जाएगा। वहीं पुलिस ने याकूब के साथी फैजान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस, प्रशासन समेत कई विभागों की संयुक्त टीम ने 31 मार्च 2022 को हाजी याकूब कुरैशी की हापुड़ रोड स्थित मीट फैक्टरी में छापा मारा था। फैक्टरी में अवैध तरीके से मीट की पैकिंग हो रही थी। दस कर्मचारी मौके से गिरफ्तार हुए थे। इस मामले में याकूब, उनके बेटे, इमरान व फिरोज समेत 17 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। याकूब के गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुके हैं। उन पर 50-50 हजार का इनाम भी घोषित है। पुलिस के शिकंजे के बाद याकूब की सियासत और कारोबार दोनों ही खतरे में है। याकूब ने लोकसभा चुनाव में अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्योरा हलफनामे में दिया था। पुलिस ने इसका पूरा ब्योरा जिला निर्वाचन कार्यालय से मांगा था।