मेरठ के लावड़ में बसपा नेता मनोज की हत्या के पीछे की कहानी किसी बॉलीवुड फिल्म की तरह है। साल 2008 में फहीमपुर, जिला मुजफ्फरनगर निवासी अमित की लावड़-चिंदौड़ी मार्ग पर गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। उस दौरान उसका बेटा अतुल छोटा था। इस हत्या में मनोज विहान पर मुखबरी करने का आरोप लगा था। हालांकि, यह मुकदमा खारिज हो चुका है, लेकिन अतुल तभी से रंजिश रखता था। इसके बाद से ही अतुल की आंखों में मनोज खटकने लगा था। जैसे जैसे वह बड़ा होता गया वैसे ही उसके मन में बदले की भावना प्रबल होती गई और मौका मिलते ही उसने अपने पिता की हत्या का बदला ले डाला।
मनोज के भतीजे रिंकू ने एसएसपी को बताया कि आए दिन अतुल उनके घर पर लगे शटर पर हाथ मारता रहता था और एक-दो बार उसने घर पर गोली भी चलाई। शनिवार को अतुल ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ हरेंद्र के घर पर बैठे मनोज की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। उसने फिल्मी स्टाइल में वारदात को अंजाम दिया। बचपन में पिता का साया सिर से उठने के बाद अतुल के मन को गहरा आघात लगा। तभी से वह अपने पिता की हत्या का बदला लेने की ठान चुका था।