बोरे में मिले युवती के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम हो गया, जिसमें गला घोंटकर हत्या होने की पुष्टि हुई है। 36 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस न ताे युवती की पहचान कर सकी और न ही आरोपी को ढूंढ पाई। पुलिस ने युवती की पहचान के लिए शव के फोटो सार्वजनिक स्थल पर चस्पा कराए हैं। पुलिस का दावा है कि डेढ़ किमी तक आरोपी कंधे पर बोरे में शव को लाते हुए सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया है। इसी रास्ते से वापस जाते दिखा। इसी अंतराल में हत्यारे तलाशे जा रहे हैं। उसके आगे कैमरे नहीं मिले।
खरखौदा थानाक्षेत्र के बिजली बंबा बाईपास चौकी से 200 मीटर दूर जमना नगर में गैस गोदाम वाली गली के पास रविवार सुबह बंद बोरे में युवती का नग्न अवस्था में शव मिला था। दूसरा दिन बीतने के बावजूद पुलिस न तो आरोपी को ही गिरफ्तार कर पाई है और न ही युवती की पहचान हो सकी। पुलिस ने कई टीमें बनाकर थाना क्षेत्र के जमुना नगर के मोहल्ला हुमायूं नगर, लिसाड़ी गेट, मेडिकल और नौचंदी क्षेत्र की कई कालोनियों में युवती की शनाख्त के लिए पोस्टर चस्पा किए।