मेरठ के जामनगर में युवती का शव बोरे में मिलने के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ है। पुलिस न तो आरोपी को पकड़ सकी है और न ही मृतका की पहचान करा पाई है। वहीं युवती की हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। इस बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल के पास ही बिजली बंबा बाईपास चौकी तो दूसरी ओर पीएसी का बड़ा सेंटर है। इसके बावजूद आरोपी करीब डेढ़ किलोमीटर तक शव काे सिर पर रखकर लड़खड़ाता हुआ ठिकाने लगाने पहुंच गया और किसी को भनक तक नहीं लगी। वहीं, दूसरी ओर जहां पर शव फेंका, वहां आसपास लोग आते-जाते दिख रहे हैं। ऐसे में उसने शव को फेंकने से पहले लोगों को देखा होगा। इसके बाद जब कोई आता-जाता नहीं दिखा तब उसने शव को फेंका है।
वारदात के बाद पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। बोरे में शव मिलने की सूचना पर लिसाड़ीगेट और खरखौदा थाने की पुलिस पहुंची। पहले दोनों थाना की पुलिस घंटों सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में खरखौदा पुलिस ने अपना क्षेत्र मानते हुए शव को कब्जे में ले लिया। आरोपी युवक की सीसीटीवी के आधार पर पहचान कराने का भी क्षेत्र में प्रयास किया गया। सोशल मीडिया पर फुटेज वायरल की गई, लेकिन आरोपी और युवती की पहचान नहीं हो सकी।