फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में कार पर पलटा डंपर: अंदर सिसकती रहीं जिंदगियां...बाहर बजरी हटाते रहे लोग; अचानक खामोश हो गईं सभी आवाजें

Sat, 29 Nov 2025 08:44 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, सहारनपुर

सार

सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर दर्दनाक हादसा हो गया। एक कार पर बजरी लदा डंपर पलट गया। हादसे में मां बेटा, बेटी-दामाद समेत सात लोगों की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने साढ़े तीन घंटे जाम लगाए रखा।
विज्ञापन
1 of 15
road accident - फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर में एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे के बाद जिस समय भीड़ कार के ऊपर से बजरी हटा रही थी तो उस दौरान अंदर से कुछ आवाजें भी आ रही थीं। प्रत्यक्षदर्शी संजीव कुमार, राजीव और दिनेश आदि ने बताया कि ऐसा लग रहा था कि मानों अंदर कोई सिसक रहा हो, लेकिन जब तक बजरी हटाई गई तब सभी आवाजें खामोश हो चुकी थीं। 

बताया जा रहा है कि उस समय तक संदीप की सांसें चल रही थीं। जिस कार से संदीप अपने मामा के यहां जा रहे थे, वह उसके बड़े भाई प्रदीप की शादी में आई थी। कार संदीप चला रहा था। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के अंडरपास में कार पर बजरी से लदा डंपर पलट गया। हालत यह रही कि किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
विज्ञापन

2 of 15
एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद कार पर पलटा पड़ा बजरी से भरा डंपर और क्षतिग्रस्त कार - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घटनास्थल से लेकर जिला अस्पताल में भारी पुलिस फोर्स
हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर एसबीडी जिला अस्पताल में भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। जिला अस्पताल में एसपी सिटी व्योम बिंदल के साथ थाना सदर बाजार, जनकपुरी और शहर कोतवाली पुलिस तैनात रही। घटनास्थल पर एसपी देहात सागर जैन, सीओ प्रथम मुनीश चंद्र, सीओ सदर प्रिया यादव के अलावा चिलकाना, सरसावा, फतेहपुर, गागलहेड़ी थाने की पुलिस रही।
विज्ञापन

3 of 15
एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद कार पर पलटा पड़ा बजरी से भरा डंपर और क्षतिग्रस्त कार - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अंडरपास में हो बिजली की व्यवस्था
मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल, एसएसपी आशीष तिवारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम मनीष बंसल ने एनएचएआई कर्मचारी को बुलाकर सख्त निर्देश दिए कि अंडरपास में बिजली की व्यवस्था हो। इसके अलावा दोनों सर्विस रोड पर ब्रेकर लगाए जाए, ताकि हादसों को रोका जा सके।

4 of 15
हादसे के बाद बजरी में दबी पड़ी कार, जिसमें सात लोग सवार थे - फोटो : ग्रामीण
कार पर पलटा बजरी लदा डंपर... मां बेटा, बेटी-दामाद समेत सात की मौत
सहारनपुर के सोना सैयद माजरा गांव के पास दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बजरी से लदा डंपर कार पर पलट गया। हादसे में मां-बेटा, बेटी और दामाद सहित सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। गुस्साए लोगों ने एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया। साढ़े तीन घंटे तक अफसरों, नेताओं समेत सैकड़ों वाहन फंसे रहे। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को हटाया। 
 
विज्ञापन

5 of 15
हादसे में क्षतिग्रस्त कार - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गागलहेड़ी थाने के सोना सैयद माजरा गांव निवासी मेडिकल स्टोर संचालक संदीप सैनी (25) के मामा ऋषिपाल सैनी निवासी मोहद्दीपुर की बृहस्पतिवार शाम बीमारी के कारण मौत हो गई थी। शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए संदीप अपनी मां रानी (55), बहन जूली (27), जीजा शेखर (28), भांजे अनिरुद्ध (2) निवासी छांगा मजरी थाना भगवानपुर हरिद्वार, मौसेरे भाई विपिन (22) निवासी दौलतपुर व भाई प्रदीप के ससुर उमेश सिंह (55) निवासी मेहदूदपुर रावली हरिद्वार के साथ पंच कार में जा रहे थे। 
 
विज्ञापन

6 of 15
एकसप्रेसवे पर ओवरब्रिज के पास पलट गया डंपर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सुबह करीब सवा नौ बजे कार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सोना सैयद माजरा गांव के अंडरपास से सहारनपुर की तरफ सर्विस रोड पर पहुंची थी। इसी दौरान देहरादून की तरफ से तेज रफ्तार आ रहा बजरी से लदा ओवरलोड डंपर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया।
 
विज्ञापन

7 of 15
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा से लाठी फटकार कर जाम खुलवाती पुलिस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसा होते ही ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और बजरी को हटाने का प्रयास किया लेकिन जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाले गए। लोगों ने डंपर के चालक-परिचालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
 

8 of 15
एक्सप्रेसवे पर जाम के दौरान धरनारत लोगों को समझाते पूर्व विधायक जगपाल सिंह - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सांसद इमरान मसूद, एमएलसी शाहनवाज अली, विधायक आशु मलिक, पूर्व मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी, पूर्व विधायक जगपाल सिंह आदि भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। 
 

9 of 15
कार पर डंपर पलटने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम, एसएसपी और एसपी देहात - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एनएचएआई और जिला प्रशासन पर लगाए आरोप
गुस्साई भीड़ ने घटनास्थल से थोड़ी दूर चमारीखेड़ा टोल पर जाम लगा दिया। आरोप था कि एनएचएआई और जिला प्रशासन की वजह से हादसा हुआ है। एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा होने के बाद भी ओवरब्रिज शुरू नहीं किए जा रहे हैं।
 

10 of 15
हादसे के बाद टोल प्लाजा के पास धरने पर बैठी भीड़ व विभिन्न संगठनों के सदस्य - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
परिवार के सात सदस्यों को खोने वाले महेंद्र सैनी हादसे के बाद से गुमसुम है। ग्रामीण उन्हें सांत्वना देने आ रहे थे, लेकिन वे जैसे शून्य में देख रहे थे। लोगों ने ढांढस बंधाया तो सिसक पड़े। काफी देर तक रोते रहे फिर बोले मेरी तो दुनिया ही उजड़ गई है, जिस वक्त घर से पत्नी, बेटा, बेटी और मासूम नाती निकले थे सपने में भी नहीं सोचा था कि वह उन्हें आखिरी बार देख रहे हैं।

11 of 15
गांव सोना सैयद माजरा में अपने घर पर गमजदा महेंद्र सैनी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हम उम्र साले की मौत से पहले ही दुखी थे कि कुदरत ने ऐसा जख्म दे दिया जो आखिरी सांस तक नहीं भरेगा। बेटी दामाद दोनों असमय चले गए अब बचे नाती अभिनन्दन का क्या होगा। वह तो पांच साल का ही है। बिन मां बाप का बच्चा कैसे पलेगा। उसे तो पता भी नहीं होगा कि उसके मां बाप दोनों ही चल बसे हैं।

12 of 15
जूली का फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अफसरों ने शासन को दी पल-पल की जानकारी
सहारनपुर हादसे के बाद जिले के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने शासन में पल-पल की जानकारी दी। जाम लगने से लेकर जाम खुलने के बाद तक अलर्ट मोड पर रहे। मुख्यमंत्री ने भी हादसे पर संज्ञान लिया और उचित कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। ग्रामीणों की हर गतिविधियों पर नजर रखी। टोल प्लाजा पर भी पुलिस फोर्स को तैनात किया गया। इसके अलावा एक्सप्रेसवे से गुजरते वाहनों की भी निगरानी की।

13 of 15
संदीप सैनी का फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इस साल का सबसे बड़ा सड़क हादसा
गागलहेड़ी में हुआ सड़क हादसा इस साल का सबसे बड़ा है। इससे पहले जिला गंगोह के सांगाठेड़ा की घटना से चर्चाओं में रहा था। 22 मार्च 2025 को सांगाठेड़ा में भाजपा नेता ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद अब गागलहेड़ी में हुए हादसे ने हर किसी को झकझोर रख दिया है। उधर, चर्चा रही कि पीड़ित परिवार पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी के रिश्तेदार है, लेकिन ऐसा नहीं है। मृतक संदीप पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी के भाई करण सिंह के अस्पताल में मेडिकल स्टोर चलाता था।

14 of 15
रानी का फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अधिकारियों ने यह दिया आश्वासन
एक्सप्रेसवे पर जाम के दौरान ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी और मुआवजा देने की मांग की। लिखित आश्वासन मांगते रहे। काफी देर तक अधिकारियों से जद्दोजहद हुई। हालांकि, बाद में मृतकों को मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत मुआवजा और वाहन के थर्ड पार्टी बीमा का लाभ दिलाया दिलाने का आश्वासन दिया गया।
विज्ञापन

15 of 15
हादसे में सात लोगों की मौत के बाद मृतकों के परिवार को सांत्वना देते सांसद इमरान मसूद - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दुख की घड़ी में परिवार के साथ : इमरान
सांसद इमरान मसूद घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने मृतकों के परिजनों से बातचीत की। इमरान ने कहा कि दुख की घड़ी में परिवार के साथ है। सरकार से हरसंभव मदद दिलाई जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें